राजस्थान के उदयपुर जिले के ऋषभदेव थाना क्षेत्र के ओड़वास में मसारों की ओबरी गांव में रविवार रात चौकाने वाले मामलें में 24 साल के नीलेश मीणा ने कथित तौर पर गले में डेटोनेटर बांधकर खुद को उड़ा लिया। डेटोनेटर के धमाके से नीलेश का धड़ अलग हो गया और शरीर के चिथड़े उड़ गए। प्रारंभिक जानकारी में नीलेश के सुसाइड करने के पीछे उसकी गर्लफ्रेंड की सगाई किसी अन्य के साथ तय होने को कारण बताया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर, मृतक नीलेश के पिता राजमल मीणा ने लड़की के परिजनों पर हत्या का मामला दर्ज करवाया है। रिपोर्ट में बताया है कि रविवार रात करीब 12 बजे बाद नीलेश को घर से 5 जने बुलाकर ले गए और उसकी गर्दन काट दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ऋषभदेव थाना अधिकारी महिपाल सिंह ने बताया कि नीलेश गांव के आसपास स्थित खदानों में मजदूरी का काम किया करता था। ऐसे में आशंका है कि वह खदानों में ब्लास्ट करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाला डेटोनेटर लाया होगा। पुलिस के पास घटना की जानकारी सुबह करीब 4 बजे पहुंची। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नीलेश का गांव में ही रहने वाली लड़की से अफेयर चल रहा था। दोनों एक ही गौत्र के थे। ऐसे में शादी नहीं हो सकती थी। इस बीच लड़की की सगाई तय हो गई। इसी के बाद से नीलेश डिप्रेशन में था।