उदयपुर। फतहसागर पाल एवं सहेलियों की बाड़ी पर लगने वाले विश्व प्रसिद्ध हरियाली अमावस्या मेले की तैयारियां को लेकर निगम महापौर गोविंद सिंह टाक एवं उप महापौर पारस सिंघवी ने निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
नगर निगम सांस्कृतिक समिति अध्यक्षा चंद्रकला बोल्या ने बताया कि विश्व भर में अपनी अलग पहचान बनाने वाले हरियाली अमावस्या के मेले की तैयारीयो का रविवार को महापौर गोविंद सिंह टाक एवं उप महापौर पारस सिंघवी ने निरीक्षण किया निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। महापौर ने मेले में प्रवेश एवं प्रस्थान में किसी भी तरह से कोई समस्या ना रहे इस हेतु विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। 24 घंटे आपातकाल सेवाएं हेतु नगर निगम की फायर ब्रिगेड टीम एवं फतेह सागर पाल पर गोताखोरों को अलर्ट रखने के भी निर्देश दिए जिससे किसी भी आशंका से तुरंत निपटा जा सके।
सफाई व्यवस्था को लेकर रहे सजग
नगर निगम सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष चंद्रकला बोल्या ने बताया कि मेले में सफाई व्यवस्था पुख्ता रखने के विशेष निर्देश उपमहापर पारस सिंघवी ने दिए। मेले के दौरान जगह जगह पर कचरा पात्र एवं विशेष तौर पर खाने पीने की दुकानों के बाहर कचरा पात्र लगाया जाए जिससे खाने की प्लेट एवं अन्य सामान सड़क पर ना बिखरे। मेले में आने वाले शहर वासियों एवं ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की कोई असुविधा नहीं हो इसको लेकर भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। नगर निगम महापौर ने जिला प्रशासन के साथ में भी वार्तालाप कर मेले में नगर निगम द्वारा की गई तैयारी के बारे में अवगत कराया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आयोजित, कल केवल महिलाओं को मिलेगा प्रवेश
नगर निगम सांस्कृतिक समिति अध्यक्षा चंद्रकला बोल्या ने बताया कि सोमवार को हरियाली अमावस्या मेले के दौरान फतेह सागर की पाल पर पश्चिमी सांस्कृतिक केंद्र द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, वही मंगलवार को मेले के दूसरे दिन केवल महिलाओं का प्रवेश रहेगा एवं निगम की महिला पार्षदों के मध्य लहरिया प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। विजेता पार्षद को महापौर, उप महापौर द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान महापौर, उपमहापौर, समिति अध्यक्ष, समिति सदस्य अरविंद जारोली, करण मल जारोली , माधुरी राठौड़, सोनिका जैन, राजस्व शाखा के अधिकारी विजय जैन, राहुल मीणा आदि उपस्थित रहे।