उदयपुर। नगर निगम उपमहापौर एवं स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष पारस सिंघवी ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया और जिला कलक्टर ताराचंद मीना को पत्र प्रेषित कर विश्वविद्यालय मार्ग पर चल रहे कार्य को जल्द से जल्द पूरा करवाने की मांग की है।
नगर निगम उपमहापौर एवं स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष पारस सिंघवी ने अपने पत्र में भावुक शब्दों में लिखा कि पिछले डेढ़ वर्षों से शहर के व्यस्ततम विश्विद्यालय मार्ग पर आरयूआईडीपी द्वारा सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य करवाया जा रहा है। यह कार्य बहुत ही धीमी गति से संपादित किया जा रहा है। एक मार्ग को पूरी तरह बंद कर पूरा यातायात केवल एक तरफ ही संचालित करवाया जा रहा है। जिस मार्ग पर यातायात संचालित हो रहा है वह मार्ग भी खुदा हुआ है। पूरा दिन धूल का गुबार उड़ता रहता है। मार्ग के दोनों तरफ रहने वाले लोग श्वास जैसी विभिन्न बीमारियों के शिकार हो रहे हैं। यही नहीं इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटना घटित हो रही है। शहरवासियों द्वारा कई बार इसको लेकर आक्रोश व्यक्त किया गया, लेकिन संबंधित कार्यकारी एजेंसी द्वारा इसमें कोई भी संज्ञान नहीं लिया जा रहा है।
इस कार्य को जल्द पूरा करवाने के लिए बुधवार को नगर निगम उप महापौर एवं स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष पारस सिंघवी ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया एवं जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा को समस्या से अवगत करवाते हुए पत्र प्रेषित किया है जिसकी प्रतिलिपि आरयूआईडीपी के अधिशासी अभियंता महेंद्र समदानी को भी दी गई है। उपमहापौर ने पत्र में आरोप लगाते हुए कहा कि आरयूआईडीपी के द्वारा कार्य बहुत ही धीमी गति से एवं लम्बे समय तक रोक-रोक कर कराया जा रहा हैं और संबंधित अधिकारियों द्वारा भी इसमें कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है