उदयपुर 19 सितंबर 2022 : नगर निगम उदयपुर की सांस्कृतिक समिति की बैठक निगम कार्यालय में समिति अध्यक्ष चंद्रकला बोल्या की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष चंद्रकला बोल्या ने बताया कि नगर निगम प्रांगण में प्रति वर्ष आयोजित होने वाले प्रसिद्ध दीपावली मेले की तैयारी को लेकर आज नगर निगम की महत्वपूर्ण बैठक महापौर गोविंद सिंह टाक एवं उप महापौर पारस सिंघवी के निर्देश पर आयोजित की गई,जिसमें कई मुद्दों पर निर्णय किये गए।
निगम द्वारा आयोजित होने वाला दीपावली मेला कोरोना महामारी के चलते 2 वर्ष बाद आयोजित किया जा रहा हैं। प्रतिवर्ष निगम द्वारा शहरवासियों और यहां आने वाले पर्यटकों के स्वस्छ मनोरंजन हेतु 15 दिवसीय दीपावली मेले का आयोजन किया जाता हैं। नागरिकों को इस मेले का इंतजार भी रहता है।
15 दिवसीय रहेगा दीपावली मेला
सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष चंद्रकला बोल्या ने बताया कि नगर निगम द्वारा आयोजित होने वाला दीपावली मेला इस वर्ष भी 15 दिवसीय आयोजित किया जाएगा। मेला 15 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 29 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम 15 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 21 अक्टूबर तक संपूर्ण किए जाएंगे। उसके बाद मेले में दुकानें और झूले 29 अक्टूबर तक लगे रहेंगे।
सात दिवसीय आयोजित होंगे रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम
समिति अध्यक्ष बोल्या ने बताया कि प्रसिद्ध दशहरा दीपावली मेले में सात दिवसीय रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में प्रथम 2 दिन उदयपुर की उभरती हुई प्रतिभाओं को यह मंच प्रदान किया जाएगा। इस मंच पर वह अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने आप को प्रसिद्ध कर सकते हैं। स्थानीय प्रतिभाओं को नगर निगम प्रतिवर्ष मंच प्रदान करता है जिससे वह अपनी प्रतिभा की प्रस्तुति कर सके। इसके बाद अन्य 5 दिनों में लाफ्टर नाइट, डांस, कवि सम्मेलन, सिंगर नाइट एवं रासलीला कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह सभी कार्यक्रम नगर निगम प्रांगण में ही रात्रि को आयोजित किए जाएंगे।
कलाकारों हेतु आमंत्रित होगी निविदा
नगर निगम दशहरा दीपावली मेला में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों हेतु जल्द ही कलाकारों हेतु निविदा आमंत्रित की जाएगी। उसके बाद महापौर गोविंद सिंह टाक, आयुक्त हिम्मत सिंह बारहठ एवं उप महापौर पारस सिंघवी के साथ चर्चा कर अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बैठक में समित सदस्य अरविंद जारौली, करणमल जारौली, सोनिका जैन, नेहा कुमावत, माधुरी राठौड़ दीपिका चौधरी आदि उपस्थित रहे।