उदयपुर,11 अक्टूबर 2022 : नगर निगम द्वारा आयोजित दीपावली मेले को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में है। सोमवार को सर्वसम्मति से मेले में आने वाले कलाकारों के नाम भी तय कर दिए हैं।
15 अक्टूबर से आयोजित होने वाला मेला 29 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा जिसमें प्रथम 7 दिन तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम निगम द्वारा आयोजित किए जाएंगे।
नगर निगम सांस्कृतिक समिति अध्यक्षा चंद्रकला बोल्या ने बताया कि 15 अक्टूबर से आयोजित होने वाले दीपावली मेले में प्रथम 2 दिन स्थानीय कलाकारों को मंच उपलब्ध कराया जाएगा वही अन्य दिनों में 17 अक्टूबर को सिंगर नाइट, 18 को रास लीला, 19 को लाफ्टर नाइट 20 को डांस नाइट, 21 को कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
अंकुश जमाएंगे गीतों की शाम
दीपावली मेले में संगीत संध्या पर इंडियन आइडल 10 के फेम रहे अंकुश भारद्वाज को बुलाया गया है। भारद्वाज ने अपनी गायकी के बल पर देश में अलग छाप छोड़ी है। संगीत के कई मुकाबलों में भारद्वाज ने जीत हासिल की है। अंकुश के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए दीपावली मेले हेतु भारद्वाज का चयन किया है। वही डांस के लिए एम टीवी स्प्लिट विला फेम आराधना शर्मा का चयन किया है। शर्मा देश में प्रसिद्ध डांसर के सम्मिलित की जाती है। 19 अक्टूबर को आयोजित लाफ्टर नाइट में शहर की जनता को गुदगुदाने हेतु प्रसिद्ध कॉमेडी स्टार जय विजय सच्चान को बुलाया जा रहा है। सच्चान ने अपने प्रदर्शन से हाल ही कपिल शर्मा शो में काफी वाहवाही लूटी है।
महापौर, उपमहापौर ने किया शहरवासियों को आमंत्रित
नगर निगम सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष चंद्रकला बोल्या ने बताया कि शहर की जनता दीपावली मेले में प्रस्तुत होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर उत्साहित हैं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान शहर की जनता का उत्साह चरम पर रहता है। नगर निगम महापौर गोविंद सिंह टाक, आयुक्त हिम्मत सिंह बारहठ, उप महापौर पारस सिंघवी ने शहर की जनता को दीपावली मेले में आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों में निमंत्रित किया है। सभी नागरिक मेले में स्वच्छ मनोरंजन का अवश्य लुफ्त लेवे।