जयपुर, 24 मार्च। भारतीय विज्ञान कांग्रेस संस्था द्वारा आयोजित होने वाली 108 वीं ’इंडियन साइंस कांग्रेस’ इस बार राजस्थान में आयोजित की जाएगी। यह कांग्रेस इस बार राजस्थान में, मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, उदयपुर में आगामी 3 से 7 जनवरी 2023 को आयोजित किए जाने का निर्णय हुआ है। इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया जाएगा। राष्ट्रीय विज्ञान कांग्रेस के अंतर्गत राजस्थान में चिल्ड्रन साइंस कम्युनिकेशन मीट, वीमेन साइंस कांग्रेस, साइंस एग्जीबिशन, साइंस एंड सोसाइटी आदि के महती आयोजन होंगे।
राज्यपाल श्री मिश्र ने राजस्थान विज्ञान कांग्रेस के आयोजन को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा है कि विज्ञान से जुड़े अधुनातन ज्ञान और नवीनतम उपलब्धियों के आलोक में यह कांग्रेस विमर्श के नए रास्ते खोलेगी। विज्ञान कांग्रेस के संबंध में गुरुवार को राज्यपाल श्री मिश्र से मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अमेरिका सिंह, भारतीय विज्ञान कांग्रेस संस्था की जनरल प्रेसिडेंट प्रो. विजय लक्ष्मी सक्सेना और पूर्व प्रेसिडेंट प्रो. अशोक सक्सेना ने मुलाकात की।
इसके अंतर्गत विज्ञान से जुड़े बहुआयामी विषयों पर चर्चाएं होंगी। देश-विदेश से वैज्ञानिक इस कांग्रेस में विज्ञान की नवीन चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। उल्लेखनीय है कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय विज्ञान कांग्रेस का आयोजन किया जाता है।