उदयपुर, 30 मार्च 2022 : नारी शक्ति और नारी सशक्तिकरण की दिशा में मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार ने अब अभिनव पहल की है। मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य और राज्यपाल सलाहकार लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने लेडी पेट्रोल टीम उदयपुर और सुरक्षा सखी सहयोगी राजस्थान पुलिस की 240 जांबाज महिलाओं को बुधवार को सिटी पैलेस में प्रशस्ति-पत्र, शॉल और उपरणा प्रदान कर सम्मानित किया। मेवाड़ ने उदयपुर रेंज आईजी हिंगलाजदान और पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार के हाथों लेडी पेट्रोल टीम की महिलाओं को मोबाइल से कनेक्ट होने वाले हाईटेक हेलमेट ससम्मान प्रदान किए। वहीं महिला पुलिस को महिला स्वच्छता प्रबंधन के तहत इको फ्रेंडली 5000 सेनेटरी पेड दिए, जिनका महिला पुलिस टीम जरूरतमंद बच्चियों और महिलाओं में वितरण करेगी। इस अवसर पर लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने कहा कि राजस्थान पुलिस की इन जांबाज महिलाओं ने ‘त्याग, अनुशासन और बलिदान नारी है सबसे महान’ की पंक्ति को अपनी श्रेष्ठ सेवाओं के माध्यम से चरितार्थ किया है। ये कर्मठ महिलाएं खुद के परिवार के साथ-साथ दूसरों के परिवारों को सुरक्षा और संबल प्रदान करने का काम पूरी ताकत के साथ कर रही हैं। आईजी हिंगलाजदान ने कहा कि महाराणा प्रताप के वंशज लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ द्वारा राजस्थान पुलिस की लेडी पेट्रोल टीम और सुरक्षा सखी की महिलाओं काे सम्मानित करने से महिलाओं को और भी निष्ठा के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी और अन्य महिलाओं का पुलिस सेवा में आने का रुझान बढ़ेगा। इससे पहले आईजी हिंगलाजदान, एडिशनल एसपी अंजना सुखवाल, डिप्टी चेतना भाटी, घंटाघर थानाधिकारी श्याम सिंह आदि का अभिनंदन किया गया।
शोषित-पीड़ित-आर्थिक रूप से कमजोर बालिकाओं-महिलाओं की सुरक्षा और कानूनी अधिकार दिलाने कर्तव्यों का निष्ठा से निर्वहन कर रही महिला पुलिस
लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने कहा कि मेवाड़ की पावन धरा उदयपुर में लेडी पेट्रोल टीम उदयपुर की जांबाज महिलाएं और सुरक्षा सखी सहयोगी राजस्थान पुलिस की सभी महिला सदस्य समाज की शोषित-पीड़ित-आर्थिक रूप से कमजोर बालिकाओं-महिलाओं की सुरक्षा और उनको कानूनी अधिकार प्रदान कराने के लिए अपने कर्तव्यों का निष्ठा के साथ निर्वहन करती आ रही हैं। लेडी पेट्रोल और सुरक्षा सखी की सेवाएं इन शोषित-पीड़ित-आर्थिक रूप से कमजोर बालिकाओं-महिलाओं को संबल प्रदान कर नारी शक्ति और नारी सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही हैं। मैं आभार प्रकट करता हूं उन महानुभावों का जिन्होंने लेडी पेट्रोल टीम और सुरक्षा सखी के सफल कार्यों में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष योगदान प्रदान कर इस पुनीत सोच को धरातल पर उतारा है। अब लेडी पेट्रोल और सुरक्षा सखी मिलकर महिला जागरुकता का भी काम कर रही हैं और नारी के प्रति सोचने के दृष्टिकोण को भी बदल रही हैं, जिसकी वर्तमान समय में नितांत आवश्यकता है।