उदयपुर। नगर निगम द्वारा पिछोला झील किनारे स्थित प्रसिद्ध गणगौर घाट पर माकूल विद्युत व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। निगम द्वारा मंगलवार को उपमहापौर पारस सिंघवी ने मिनी मास्क एलईडी लाइट का लोकार्पण किया। अब यहां रात्रि को आने वाले पर्यटकों एवं शहरवासियों को कम रोशनी से मुक्ति मिलेगी।
नगर निगम विद्युत समिति अध्यक्ष हेमंत बोहरा एवं कुलदीप जोशी ने बताया कि मंगलवार को नगर निगम की तरफ से उपमहापौर पारस सिंघवी ने गणगौर घाट पर मिनी मास्क लाइट का लोकार्पण किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद आशा सोनी, कच्ची बस्ती सुधार समिति अध्यक्ष देवेंद्र साहू, भंवर सालवी, पार्षद राकेश जैन, लोकेश कोठारी सहित निगम के कई अन्य पार्षद भी मौजूद रहे।
समिति अध्यक्ष बोहरा एवं जोशी ने बताया कि यह मिनी मास्क लाइट विद्युत समिति की तरफ से ही ईजाद की गई। मिनि मास्क एलईडी लाइट को बनाने में लगभग 80 हजार रुपए की लागत आई है। शहर में अन्य 15 चिन्हित स्थानों पर भी एसी मिनी मास्क लाइट लगवाई जाएगी। हाई मास्क लाइट का खर्च लगभग 3 से 4 लाख का आता है एवं उसकी देखरेख भी सामान्य स्तर पर नहीं की जा सकती है। अतः निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा इस मिनी मास्क का आविष्कार किया गया जो शहर के कई इलाकों को जगमग करेगी।
नए अविष्कार को लेकर उपमहापौर पारस सिंघवी ने समिति अध्यक्ष हेमंत बोहरा एवं कुलदीप जोशी का आभार प्रकट किया एवं कहा कि शहर की विद्युत व्यवस्था में बहुत सुधार हुआ है और ऐसे प्रयासों से शहर में चार चांद लगेंगे। हमारा शहर पर्यटकों का शहर है रात्रि में पर्यटक एवं शहरवासी पैदल भ्रमण करते हैं अतः शहर में समुचित प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध हो निगम द्वारा ऐसी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।