उदयपुर के बाहुबली हिल में लगी आग, दम घुटने से बेहोश युवक को निगम फायर टीम ने किया रेस्क्यू
उदयपुर। शहर के बाहुबली हिल क्षेत्र में सोमवार को अचानक आग लगने से फैले घने धुएं के कारण एक युवक का दम घुट गया और वह बेहोश हो गया। सूचना मिलते ही नगर निगम की अग्निशमन टीम मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए युवक का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उसे समय पर चिकित्सालय पहुंचाया।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि बाहुबली हिल क्षेत्र में आग लगने से आसपास के क्षेत्र में घना धुआं फैल गया। इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक धुएं की चपेट में आ गया, जिससे उसका दम घुटने लगा और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना की जानकारी तुरंत नगर निगम के अग्निशमन विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी के नेतृत्व में निगम की फायर टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई और कुछ ही समय में घटनास्थल पर पहुंच गई। मौके पर पहुंचकर टीम ने स्थिति का आकलन किया और तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
फायर कर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए धुएं से प्रभावित युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। प्राथमिक सहायता देने के बाद उसे तुरंत चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। समय रहते किए गए रेस्क्यू के कारण युवक की स्थिति को नियंत्रित करने में मदद मिली।
आपात स्थिति में नहीं लेवे रिस्क, प्रशासन को करे सूचित
मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी आमजन से अपील करते हुए कहा है कि वर्तमान में कई स्थानों परआगजनी की घटना घटित हो रही है ऐसी आपात स्थिति में बिना संसाधन केआग में प्रवेश नहीं करे। आग लगने की सूचना तुरंत शहर प्रशासन, नजदीकी पुलिस स्टेशन, 100 नंबर, 101 नंबर, 0 294 241 4111 पर देवे जिससे आग को काबू में किया जा सके। आग जलने से वातावरण में चारों तरफ दम घुट गैस कार्बन डाइऑक्साइड बनती है जिससे व्यक्ति बेहोश हो जाता है एवं जानमाल की नुकसान होने की संभावना रहती है।