उदयपुर 06 जनवरी 2022 : पूरी दुनिया मे कोरोना संक्रमण बढ़ने के बाद स्कूल कॉलेजों में ऑनलाइन क्लास लेने का प्रचलन फिर से शुरू हुआ है। राज्य सरकार ने शिक्षण संस्थानों को ऑनलाइन मोड पर पढ़ाई करवाने हेतु भी कहा है। जयपुर ,जोधपुर और चित्तौड़गढ़ जिलों में 8वी कक्षा तक के स्कूल को भी बंद कर दिया गया है।
वहीं राजस्थान के उदयपुर में सेंट पॉल स्कूल में ऑनलाइन क्लास के दौरान कुछ ऐसा शेयर किया गया जिससे अभिभावकों और स्कूल प्रबंधक में हड़कंप मच गया। दरअसल स्कूल के शिक्षक ने बच्चों की मैथ्स क्लास लेने के लिए ग्रुप में अश्लील लिंक भेज दिया,जो कि लगभग 1 घण्टे बाद डिलीट किया गया।
जैसे ही खबर सोशल मीडिया पर आयी तो शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म हो उठा। इसके बाद कार्यवाही करते हुए स्कूल प्रबंधक ने शिक्षक ध्रुव को कारण बताओ नोटिस जारी किया और आगे की जांच का भरोसा दिलाया।
स्कूल शिक्षक ध्रुव ने बताया कि दोपहर में मैथ्स की क्लास शुरू होनी थी जिसके लिए लिंक भेजना था। कम्प्यूटर चालू किया और ग्रुप भी ऑन किया। क्लास में कुछ देरी थी तो दूसरा काम करने लगा।इतने में दूसरे ग्रुप में एक वीडियो लिंक आया जो गलत लगा। जिसे डिलीट कर रहा था तो वो कब कॉपी हुआ पता ही नहीं चला। फिर स्कूल के ग्रुप में क्लास के लिए लिंक भेजना था, लेकिन सर्वर सुबह से ठीक नहीं चल रहा था। क्लास लिंक की जगह अन्य ग्रुप में आया लिंक चला गया। 30 सेकंड भी नहीं हुआ और पता चल गया था कि गलती हो गई लेकिन सर्वर डाउन होने के कारण डिलीट ही नहीं हो रहा था।
बाद में स्कूल प्रबंधन ने एक पत्र जारी करते हुए लिखा कि स्कूल अध्यापक द्वारा मानवीय त्रुटि के कारण छात्रों के पास गलत लिंक चला गया था। उसकी प्रतिक्रिया स्वरूप स्कूल प्रबंधन ने मामले को संवेदनशील समझते हुए तुरंत कार्रवाई की है और अध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।साथ ही मामले की छानबीन के लिए एक कमेटी का गठन किया है।