उदयपुर, 30 अगस्त 2022 : रक्षामंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को उदयपुर शहर के गोवर्धन सागर की पाल पर स्थित पन्नाधाय पार्क और मूर्ति के अनावरण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पहुंचे। बलिदानी मां पन्नाधाय की मूति का अनावरण करने के बाद रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सभा को संबोधित करते हुआ कि देश अब कमजोर नहीं रहा है। भारत अब दुनिया का ताकतवर देश बन गया है। भारत ने आज तक किसी भी देश पर न आक्रमण किया है। न किसी जगह पर कब्जा किया है लेकिन भारत की ओर किसी ने आंख उठाकर बुरी नजरों से देखने की कोशिश की तो भारत ने उसका मुंह-तोड़ जवाब दिया है। इस मौके पर पन्नाधाय को याद करते हुए राजनाथ ने कहा- मैं समाज में कुमाता कहलाई जाऊंगी, इसकी भी चिंता पन्नाधाय ने नहीं की, क्योंकि उनके सामने एक ही लक्ष्य था कि मेवाड़ साम्राज्य सुरक्षित रहना चाहिए। कुमाता होने के कलंक को बर्दाश्त करने की हिम्मत की। राजनाथ ने विश्नोई समाज की महिलाओं को भी याद किया। राजस्थान की तारीफ करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि राजस्थान देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया की ऐसी धरती है जहां वीरांगनाओं की हड्डी से धूल बनी है। यहां पर शोर्य और पराक्रम की इतनी गाथाएं है, जिनको कभी भुलाया नहीं जा सकता। राजनाथ ने इस दौरान पन्नाधाय और हाड़ी रानी के बलिदान को याद किया।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफों के पुल भी बांधे। उन्होंने कहा कि रूस और यूक्रेन का युद्ध कुछ घंटे के लिए हमारे प्रधानमंत्री के कहने पर रोका गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस और यूक्रेन के राष्ट्रपति से बात करके जंग को रुकवाया था तभी ही फंसे 22 हजार भारतीय छात्रों की सकुशल वतन वापसी हो सकी।