लियारी के ‘कोलम्बस’
पूरा पाकिस्तान इन दिनों कोलम्बस बना हुआ है, हर कोई कुछ ना कुछ खोज रहा है. जब से लियारी टाउन के एक ‘संभ्रांत’ से लगने वाले नागरिक ने ये दावा किया है कि उसने खुद देखा सुबह 4 बजे ‘धुरंधर’ के निर्देशक आदित्य धर और रणवीर सिंह अपनी यूनिट के साथ आते थे, ‘जब आवाम सो जाती थी’ और चुपचाप अंधेरे में शूट करके चले जाते थे, तब से लियारी के ‘आशावान’ लोग हर गली नुक्कड़ खोमचे पर लगे सीसीटीवी का फुटेज चैक कर रहे हैं कि कहीं तो कैद हुए होंगे, एक बार उनके आने का रास्ता पता चल जाए तो ‘धुरंधर 3’ में उनको भी कुछ रोजगार मिल जाए. लेकिन देशभक्त ‘नॉन बलूच’ पाकिस्तानी ये फुटेज इसलिए ढूंढ रहे हैं कि पता तो चले कि किस किसने ने उनकी मदद की.
थोड़े कम समझदार लोग पुलिस, फौज और एलआईयू जैसे एजेंसीज के साथ मिलकर हर दूध-सोडा बेचने वाली दुकान के मालिक-नौकरों, और सड़कों पर सोए भिखारियों का केवाईसी करने में लगे हैं. तो चलते चलते लोग ध्यान से उस शख्स को भी संदेह की नजर से देखने लगते हैं, जो दो बार ‘डार्लिंग डार्लिंग’ बोल देता है. अब तो बड़े बुजुर्ग या नेता लोग वहां किसी से ये भी बोलने से डरने लगे हैं कि ‘बच्चा है तू मेरा’.
इधर शाहबाज शरीफ ने सारे मुख्यमंत्रियों (हैं ही कितने) को सख्त हिदायत दी है कि पाकिस्तान के भिखारियों को कतई परेशान ना किया जाए, उन्हें भी तो अमेरिका, चीन, सऊदी अरब मांगने जाना पड़ता है. ऐसे में एक भिखारी ही ‘भिखारी का दर्द’ समझ सकता है. लेकिन आदित्य धर से लियारी के एक बंदे की फरियाद का वीडियो देखकर उनका दिल सदमे से ही बैठ गया, जिसमें वो ‘प्रॉपर संजीदगी’ के साथ ये दरख्वास्त कर रहा है कि आप लियारी पर बनी मूवी से 1000 करोड़ कमा चुके हो, आपको लियारी को 500 करोड़ तो देने ही चाहिए, कम से कम हमारी सड़कें और सीवर के ढक्कन तो लग सकें. इधर आदित्य धर की टीम भी उन्हें पाकिस्तानी पंजाब की सीएम मरियम नवाज की बाइट सुनवा रही है, जिसमें वो गटर के ढक्कन चुराने वालों को 10 साल की सजा का कानून बनाने की बात कर रही हैं, सुनते सुनते वो इमोशनल हो चले हैं.
इधर नवाज शरीफ इस बात से बड़े परेशान थे कि शाहबाज उनके रोल का मजाक उड़ा रहा है. नवाज ने अब फिल्म देखकर पाक के लेफ्टिनेंट जनरल शमशाद की भूमिका में राज जुत्शी के फोटो भेजकर शाहबाज को मैसेज किया, ‘और ये तू है. इसका लुक देख ध्यान से’. शाहबाज ने जवाब में नवाज को गुस्से में बस इतना लिखा कि, ‘ओए कबी तो केंट्रोल किया करो’.
इधर भारत में भाई के भाई भी संशय में आ गए हैं कि बहुत दिनों से ना छोटा शकील का ना भाई का ही कोई फोन किसी चैनल पर चला तो क्या ‘धुरंधर2’ की ‘खबर’ एकदम पक्की है. उनको इस बात से भी नाराजगी है कि भाई वहां ‘बड़े साहब’ भी बन गए और बताया तक नहीं, प्रमोशन की पार्टी ही कर लेते. अपुष्ट सूत्रों से दीपिका का भी बयान पता चला, सहेली ने जब पूछा कि एक ट्वीट तक नहीं किया, तो वो बोलीं, “सोशल मीडिया पर स्पाई फिल्मों की बिकनी वाली प्रेमिकाओं की इतनी भद्द पिटी है ना..और उनमें से एक मैं भी तो थी”.