जयपुर, 25 मई। गंगा दशमी के अवसर पर “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” का उत्सवमयी जिला स्तरीय शुभारंभ जिला प्रभारी सचिव राजन विशाल के मुख्य आतिथ्य में मचकुण्ड धाम पर हुआ। धौलपुर जिले के प्रभारी सचिव ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जल पूजन तथा कलश पूजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके पश्चात मचकुण्ड सरोवर की महाआरती का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी सचिव राजन विशाल ने प्रदेश भर में संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान को प्रदेश के लिए सर्वोपरि जरूरत बताया और कहा कि इससे जल संरक्षण के प्रति व्यापक चेतना का संचार होगा। उन्होंने आमजन को इस अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी निभाने का आह्वान किया। अभियान को आशातीत सफल बनाने के लिए समर्पित सहभागिता अदा करने पूरे मन से आगे आएं और धौलपुर में जल संरक्षण का सुनहरा इतिहास कायम करें। इस अभियान से जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन और इनकी साफ-सफाई को सम्बल प्राप्त होगा।
प्रभारी सचिव ने इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने अभियान को जल संरक्षण की दिशा में मील का पत्थर बताते हुए कहा कि यह अभियान आमजन की भागीदारी से जल स्रोतों को संरक्षित एवं पुनजीर्वित करने में एक ऐतिहासिक पहल साबित होगा।