जयपुर, 08 अगस्त। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव ने शनिवार को अलवर जिले में श्रावण मास के अवसर पर अलवर शहर के त्रिपोलिया महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना की एवं शिवलिंग पर जलाभिषेक कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं आमजन के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
केंद्रीय वन मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव आमजन को श्रावण मास की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारी सनातन संस्कृति में पवित्र श्रावण मास का विशेष स्थान है। इस माह में भक्ति और बारिश का सुन्दर संयोग रहता है। भक्ति से आध्यात्मिक व बारिश से भौतिक खुशहाली आती है। उन्होंने कहा कि अलवर जिले की जनता ने सांसद के रूप में क्षेत्रा की सेवा करने का जो अवसर दिया उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प जनसहभागिता के साथ पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अलवर जिले के सर्वांगीण विकास में किसी प्रकार की कोई कसर नहीं रखी जाएगी।
किशन कुंड का भ्रमण कर आमजन से किया संवाद—
केंद्रीय वन मंत्री श्री यादव ने अलसुबह अलवर की ऐतिहासिक धरोहर किशन कुंड का भ्रमण कर आमजन से संवाद किया। उन्होंने कहा कि हमारी ऐतिहासिक धरोहरों से जुड़ना हमेशा एक सुखद अनुभव है। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में अलवर की ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरें और भी जीवंत हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण करना हमारा नैतिक दायित्व है। उन्होंने आमजन से अपील की कि इस ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल पर अपनों के साथ घूमने जरूर आयें।
बैडमिंटन खेलकर दिया स्वस्थ जीवनशैली का संदेश—
केंद्रीय वन मंत्री श्री यादव ने जय कृष्णा क्लब में खेल प्रेमियों के साथ बैडमिंटन खेलकर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर व अच्छे मानसिक स्वास्थ्य के लिए खेल हमारे जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट से प्रेरित होकर अलवर संसदीय क्षेत्रा में अलवर सांसद खेल उत्सव एवं अंतरराष्ट्रीय टाइगर मैराथन का आयोजन किया गया, जिसमें बडी संख्या में युवाओं के साथ हर वर्ग के नागरिकों ने बढचढकर भाग लिया।
बडौदामेव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में की शिरकत
श्री यादव ने बड़ौदामेव स्थित कृषि उपज मंडी में शिव मंदिर के 19वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित भंडारा कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने धर्म, आस्था और सेवा से जुड़े इस आयोजन पर सभी आयोजकों एवं श्रद्धालुओं का हृदय से आभार एवं स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन आपसी भाईचारे, सहिष्णुता एवं एकता को मजबूती प्रदान करते हैं।