जयपुर, 12 मई। “ग्राम रथ अभियान” के अंतर्गत सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं सवाई माधोपुर जिला प्रभारी मंत्री श्री गौतम कुमार दक ने मंगलवार रात्रि गंगापुर सिटी क्षेत्र की ग्राम पंचायत चूली में आयोजित ग्राम विकास रात्रि चौपाल में भाग लेकर ग्रामीणों से संवाद किया।
प्रभारी मंत्री श्री दक ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल योजनाओं का संचालन करना नहीं, बल्कि अंतिम पंक्ति में बैठे पात्र व्यक्ति तक उनका वास्तविक लाभ पहुंचाना है।
उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे परंपरागत खेती के साथ आधुनिक एवं जैविक खेती को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि करें। उन्होंने कहा कि कृषि, डेयरी एवं सहकारिता क्षेत्र की मजबूती से गांवों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी तथा ग्रामीण क्षेत्र आत्मनिर्भर बनेंगे।
इस दौरान राजीविका समूह की महिला पूजा शाक्य ने समूह से जुड़ने के बाद उनके जीवन में आए परिवर्तन की कहानी सभी के साथ साझा करते हुए सभी ग्रामीण महिलाओं को राजीविका समूह से जुड़ने के लिए प्रेरित किया एवं उनके समूह द्वारा निर्मित हैंडीक्राफ्ट उत्पाद प्रभारी मंत्री को भेज किए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों एवं पशुपालकों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना एवं मंगला पशु बीमा योजना के माध्यम से पशुपालकों को लाभान्वित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना के तहत दुग्ध उत्पादकों को प्रति लीटर 5 रुपये का अनुदान प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा 23 से 25 मई तक ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट का आयोजन किया जा रहा है, जिससे किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों एवं नवाचारों की जानकारी प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के लिए नए पैक्स खोले जा रहे हैं।
मंत्री श्री दक ने कहा कि मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पीएम किसान सम्मान निधि योजना के पात्र किसानों को 3 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता दी जा रही है, जिससे अब पात्र किसानों को प्रतिवर्ष कुल 9 हजार रुपये सम्मान निधि के रूप में प्राप्त हो रहे हैं।
एलईडी वैन एवं कला जत्था के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार —
कार्यक्रम के दौरान ग्राम रथ एलईडी वैन के माध्यम से राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों का प्रसारण किया गया। वहीं कला जत्था दल द्वारा लोकगीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं का आकर्षक एवं प्रभावी प्रचार-प्रसार किया गया।
विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, डेयरी, सहकारिता, सिंचाई, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास सहित 13 विभागों की योजनाओं की जानकारी दी तथा प्रचार सामग्री एवं पेम्फलेट वितरित किए।
इस दौरान प्रभारी मंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधि द्वारा भारत सिंह , राजेंद्र जाटव, बबलू, धर्मसिंह, रमेश , फारूक आदि टीबी रोगियों को निक्षय कीट प्रदान की। सुनीता, मोती, सरोज, रजनी, जीत कौर सहित अन्य को मंगला बीमा पॉलिसी सौंपी गई वहीं,मृदा स्वास्थ्य कार्ड भी वितरित किए गए।