जयपुर, 03 जून। पर्यटन विभाग की आयुक्त श्रीमती रूक्मणि रियार ने बुधवार को शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर विभागीय प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का त्वरित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े प्रकरणों में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें ताकि परिवादियों को शीघ्र राहत मिल सके।
श्रीमती रियार ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र समाधान के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा परिवादियों की संतुष्टि सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग एवं प्रभावी फॉलोअप करने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त श्रीमती रूक्मणि रियार ने परिवादियों से संवाद किया। उन्होंने भरतपुर जिले के लोहागढ़ में स्थित जवाहर बुर्ज के सौंदर्यकरण एवं पर्यटन विकास के संबंध में भारतीय पुरातत्व विभाग को पत्र लिखकर उचित निर्णय लेने को कहा। उन्होंने डूंगरपुर जिले के जेठाना गांव के प्राचीन ऐतिहासिक धरोहर के पुनरुत्थान हेतु निर्देश दिए। ट्रैवल एजेंसी द्वारा कर्मचारी को प्रताड़ित करने पर स्थानीय पुलिस की मदद से मामले को सुलझाया एवं जोधपुर में बकाया भुगतान का त्वरित पेमेंट ऑर्डर बनवाकर भुगतान करवाया।
इस दौरान उन्होंने अन्य परिवादियों से दूरभाष पर वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए सभी विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों पर राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) कंट्रोल रूम में उपस्थित होकर परिवादियों से सीधे संवाद कर रहे हैं। इस पहल के माध्यम से नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज कर शीघ्र समाधान प्राप्त कर रहे हैं।
इस अवसर संबंधित विभाग के अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।