जयपुर, 07 अगस्त। अल्पसंख्यक मामलात एवं वक्फ विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) अश्विनी भगत ने गुरुवार को चूरू, झुन्झुनू, सीकर व बीकानेर जिले के अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं व कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा—निर्देश दिए। बैठक में चूरू जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा भी उपस्थित रहे।
एसीएस ने में प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के अंतर्गत स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यों, बजट व्यय, वित्तीय प्रगति तथा अन्य विभागीय योजनाओं की जिलेवार समीक्षा की तथा सभी अधिकारियों को परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने, बजट का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने तथा योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक शीघ्र पहुँचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक वर्ग के समग्र विकास एवं कल्याण के लिए संचालित योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता एवं प्राथमिकता के साथ हो तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं हो। उन्होंने विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित कार्यों के शीघ्र निस्तारण तथा आगामी कार्ययोजना पर भी विस्तृत चर्चा की। उन्होंने वक्फ संपतियों को उम्मीद पोर्टल पर सबमिट करने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए।
जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने बताया कि जिले में अल्पसंख्यक कार्य विभाग की योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावी ढंग से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पीएमजेवीके में स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारी मिशन मोड पर कार्य कर रहे हैं।
जिला कलक्टर ने बताया कि जिले में अल्पसंख्यक विभाग की योजनाओं तथा छात्रावास व शिक्षण सुविधाओं के बारे में समुचित प्रचार— प्रसार किया जा रहा है। इसी क्रम में नवाचार करते हुए विद्यालय में विद्यार्थियों को स्किल डवलपमेंट कोर्स, कोचिंग क्लासेज के माध्यम से बेहतर शिक्षा, डिफेंस कोर्स तथा कोड चूरू नवाचार के माध्यम से कोडिंग, एआई व तकनीकी शिक्षा आदि उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
चूरू जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी राजेन्द्र शेखावत ने जिले में अल्पसंख्यक विभाग की गतिविधियों, कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की जानकारी दी।
बैठक में झुंझुनू की जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नेहा झाझड़िया, सीकर के जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रवि झाझड़िया, बीकानेर के जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी राजेश कलवा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।