जयपुर, 04 सितंबर। राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (आयुर्विज्ञान), स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित नीट-पीजी 2026 री-एग्जामिनेशन का आयोजन 5 सितंबर 2026 (शनिवार) को अपराह्न 3ः00 बजे से शाम 6ः30 बजे तक जयपुर जिले में निर्धारित 5 परीक्षा केन्द्रों पर कंप्यूटर आधारित परीक्षा के रूप में किया जाएगा जिसमें कुल 2,499 अभ्यर्थी भाग लेंगें। परीक्षा के सफल एवं सुचारू आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा समन्वयक नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि 30 अगस्त को नीट-पीजी परीक्षा देशभर में आयोजित हुई। जयपुर के आईओएन डिजिटल जोन, आईडीजेड सीतापुरा स्थित दो परीक्षा केन्द्रों में आंतरिक विद्युत आपूर्ति में समस्या के कारण परीक्षा पूर्ण नहीं हो सकी। इन केन्द्रों पर परीक्षा पूर्ण नहीं कर पाए अभ्यर्थियों के लिए 5 सितंबर को पुनः परीक्षा आयोजित की जा रही है।
परीक्षा के लिए निर्धारित केन्द्रों में शंकरा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, अलंकार महिला पी.जी. महाविद्यालय, जयपुर इंजीनियरिंग कॉलेज, ऑरोबिंदो इंटरनेशनल स्कूल जयपुर तथा श्री बालाजी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी शामिल हैं। इन केन्द्रों पर क्रमशः 280, 350, 640, 340 एवं 889 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
पुलिस विभाग को परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था, साइबर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, फ्लाइंग स्क्वॉड को नकल रोकने, जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड को परीक्षा केन्द्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग को परीक्षा केन्द्रों पर कंप्यूटर आधारित परीक्षा के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएँ सुनिश्चित करने, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों के लिए पीने के पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर को आवश्यकता अनुसार चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित् करने, नगर निगम जयपुर को साफ-सफाई एवं अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने तथा परीक्षा के दौरान शांतिपूर्ण, सुचारू एवं निष्पक्ष वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।