जयपुर, 4 जुलाई। प्रदेश में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में शनिवार को बालोतरा ज़िले के पचपदरा में रिफाइनरी के उद्घाटन एवं एक लाख पांच हजार करोड़ रूपए के विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम तथा रोजगार उत्सव का भव्य आयोजन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में किया गया। साथ ही कार्यक्रम में 53 हजार से अधिक युवाओं को विभिन्न विभागों में सरकारी सेवा के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति है, और सरकार पारदर्शी व मेरिट आधारित भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार के अवसर निरंतर बढ़ा रही है।
इसी क्रम में धौलपुर जिला मुख्यालय पर नगर परिषद टाउन हॉल में प्रातः 10 बजे जिला स्तरीय रोजगार उत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान पचपदरा में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया। साथ ही जिला, ब्लॉक एवं पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया, जिससे बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं अभिभावक इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने सहायक आचार्य भूगोल उपेन्द्र कुमार, वनस्पति शास्त्र नीरज कुमार, निरीक्षक ग्रेड द्वितीय शिवाशीष चाहर, आशु मीना, किरण मीना, व्याख्याता हिन्दी नीरज गिरी, सपना तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शिवांशु शर्मा सहित 863 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र एवं किट प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने नवचयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का अवसर है। उन्होंने सभी कार्मिकों से अपेक्षा की कि वे ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा जिले के विकास में सक्रिय योगदान दें।
युवाओं में उत्साह का माहौल
कार्यक्रम के दौरान नव नियुक्त कार्मिकों और उनके परिजनों में विशेष उत्साह देखने को मिला। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं ने इसे अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण बताया। कई युवाओं ने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से उन्हें यह अवसर मिला है, जिससे उनका भविष्य सुरक्षित हुआ है और परिवार में खुशी का माहौल है।
कार्यक्रम में जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं नव नियुक्त कार्मिक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।