Breaking News

Dr Arvinder Singh Udaipur, Dr Arvinder Singh Jaipur, Dr Arvinder Singh Rajasthan, Governor Rajasthan, Arth Diagnostics, Arth Skin and Fitness, Arth Group, World Record Holder, World Record, Cosmetic Dermatologist, Clinical Cosmetology, Gold Medalist

Rajasthan / साइबर सुरक्षा के लिए राजस्थान पुलिस की पहल, 28 नवंबर से जयपुर में साइबर सुरक्षा हैकाथॉन, साइबर ठगी से मनी रिकवरी तक के समाधान खोजेंगी 37 टीमें - राजस्थान पुलिस अकादमी में होगा हैकाथॉन

साइबर सुरक्षा के लिए राजस्थान पुलिस की पहल, 28 नवंबर से जयपुर में साइबर सुरक्षा हैकाथॉन, साइबर ठगी से मनी रिकवरी तक के समाधान खोजेंगी 37 टीमें - राजस्थान पुलिस अकादमी में होगा हैकाथॉन
Dinesh Bhatt November 27, 2026 08:10 PM IST

 

जयपुर, 27 नवंबर। साइबर अपराधियों के नए-नए तरीकों पर अंकुश लगाने और पुलिस जांच को तकनीक से अधिक प्रभावी बनाने के लिए राजस्थान पुलिस और राजस्थान साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर (आर4सी) की ओर से ‘साइबर सिक्योरिटी हैकाथॉन-2026‘ आयोजित होगा। राजस्थान पुलिस अकादमी में 28 और 29 नवंबर को हैकाथॉन में देशभर से चयनित 37 टीमें 24 घंटे तक लगातार काम कर साइबर अपराधों से निपटने के लिए तकनीकी समाधान और डिजिटल टूल्स विकसित करेंगी।
 
हैकाथॉन का उद्घाटन 28 नवंबर को सुबह 10 बजे महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) श्री भास्कर ए. सावंत करेंगे। वहीं, 29 नवंबर को शाम 4 बजे हैकाथॉन का समापन समारोह होगा। इसमें मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास विजेताओं को पुरस्कृत करेंगे।
 
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (साइबर क्राइम) श्री वी.के. सिंह ने बताया कि हैकाथॉन का उद्देश्य पुलिसिंग में तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देना और साइबर अपराधों के विरुद्ध त्वरित एवं आधुनिक तंत्र विकसित करना है। इस आयोजन में स्टार्टअप और तकनीकी संस्थानों को भी अपने साइबर सुरक्षा उत्पाद एवं समाधान प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। पुलिस की इस पहल से विद्यार्थियों, तकनीकी विशेषज्ञों और पुलिस अधिकारियों के बीच सहयोग बढ़ने के साथ साइबर अपराधों की रोकथाम एवं अनुसंधान के लिए नए तकनीकी विकल्प मिलेंगे।
 
— 1930 हेल्पलाइन से लेकर मनी रिकवरी तक पर काम
 
एडीजी वीके सिंह ने बताया कि इसमें तकनीकी मॉडल तैयार करने के साथ-साथ पुलिस के सामने आने वाली वास्तविक समस्याओं के समाधान भी तलाशे जाएंगे। इसमें 1930 साइबर हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों और साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई, ठगी की रकम की रिकवरी, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध ऑनलाइन अपराधों की रोकथाम तथा साइबर अपराधों से जुड़े कार्यों के ऑटोमेशन पर विशेष फोकस रहेगा। इसके अलावा साइबर अपराधों की जांच, अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई और साइबर हॉटस्पॉट की पहचान कर प्रभावी प्रवर्तन के लिए तकनीकी उपाय विकसित किए जाएंगे।
 
— होंगे 5 तकनीकी सत्र
 
दो दिवसीय हैकाथॉन में राजस्थान साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर (आर4सी) की कार्यप्रणाली, साइबर अपराधों से निपटने के प्रभावी उपाय और आधुनिक साइबर सुरक्षा तकनीकों पर विशेषज्ञ सत्र भी होंगे। पहले दिन पांच सत्र होंगे। इनमें 1. 1930 साइबर हेल्पलाइन एवं साइबर अपराधों से बचाव और त्वरित कार्रवाई, 2. महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध ऑनलाइन अपराध, 3. साइबर ठगी की राशि वापस दिलाने की प्रक्रिया एवं शिकायत निवारण मॉड्यूल, 4. साइबर अपराधों से संबंधित प्रक्रियाओं का स्वचालन (प्रोसेस ऑटोमेशन) और 5. साइबर अपराध हॉटस्पॉट पर प्रभावी प्रवर्तन एवं कार्रवाई प्रमुख हैं।
 
— 5 तकनीकी चुनौतियों पर होंगे नवाचार
 
प्रतियोगिता में पांच प्रमुख समस्या क्षेत्रों पर टेक्निकल टीमें रिसर्च करेंगी। इनमें 1.फर्जी वेबसाइट, फिशिंग लिंक और संदिग्ध ऐप के जरिए होने वाली ठगी की पहचान करना 2. टेलीग्राम और सोशल मीडिया पर अवैध गतिविधियों की निगरानी, 3. एआई आधारित जांच सहायक के साथ सीडीआर एवं आईपीडीआर विश्लेषण टूल का विकास, 4. एटीएम एवं कार्ड धोखाधड़ी की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध व्यक्ति के चेहरे की स्पष्ट तस्वीर निकालने की तकनीक और 5. वित्तीय अपराधों से जुड़े डिजिटल नेटवर्क एवं धन के लेन-देन की कड़ियों (मनी ट्रेल) का विश्लेषण करने वाला सिस्टम तैयार करना शामिल हैं।
 
— एग्जीबिशन में दिखेंगे सॉल्यूशन
 
हैकाथॉन में एक एग्जीबिशन भी लगेगी। इसमें आईटी टेक कंपनियां, राजस्थान पुलिस सहित अन्य द्वारा अपने कार्यों को डिस्प्ले किया जाएगा। इनमें एआई बेस्ड साइबर सॉल्यूशन, ओपन सोर्स इंटेलिजेंस, फॉरेंसिक साइंसेज, डेटा एनालिसिस देखने को मिलेंगे। साथ ही आर4सी के विकास के लिए राजस्थान पुलिस द्वारा अब तक किए गए प्रयासों की झलक प्रस्तुत की जाएगी। इस दौरान कैप्चर द फ्लैग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
 
— 15 टीमों को मिलेंगे पांच लाख रुपए के पुरस्कार
 
हैकाथॉन में जयपुर, सूरतगढ़, पुणे, पंजाब, झारखंड, महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश, गुजरात, दिल्ली, पटना, तमिलनाडु, आईआईटी मद्रास, नेशनल फॉरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी, राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी सहित कई बड़ी यूनिवर्सिटी की 37 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रत्येक टीम में अधिकतम 4 सदस्य हो सकते हैं। टीमों को 5 में से 1 समस्या का चयन कर तकनीकी समाधान विकसित करना होगा। प्रत्येक प्रॉब्लम स्टेटमेंट कैटेगरी में प्रथम पुरस्कार 50 हजार, द्वितीय 35 हजार और तृतीय 15 हजार रुपए रखा गया है। इस तरह पांच श्रेणियों में कुल 15 पुरस्कारों के लिए पांच लाख रुपए की राशि निर्धारित की गई है। प्रत्येक साइबर क्राइम पुलिस थाने से 2 पुलिसकर्मी और प्रोबेशनर्स भी हिस्सा लेंगे। साथ ही, जयपुर के 14 इंजीनियरिंग कॉलेजों से 70 साइबर जिज्ञासु छात्र भी शामिल होंगे।
 
उल्लेखनीय है कि हैकाथॉन के लिए 1 नवम्बर से 24 नवम्बर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण किया गया। इसमें देशभर से 342 टीमों के 938 प्रतिभागियों ने आवेदन किया। चयन प्रक्रिया के बाद 37 टीमों का चयन किया गया है, जिनके 109 विद्यार्थियों को फाइनल के लिए आमंत्रित किया गया है।
  • fb-share
  • twitter-share
  • whatsapp-share

Disclaimer : All the information on this website is published in good faith and for general information purpose only. www.newsagencyindia.com does not make any warranties about the completeness, reliability and accuracy of this information. Any action you take upon the information you find on this website www.newsagencyindia.com , is strictly at your own risk
#

RELATED NEWS