जयपुर, 31 मार्च। जोधपुर जिले की आदर्श विद्या मंदिर झंवर का शुभारंभ समारोह मंगलवार को ग्राम झंवर में संसदीय कार्य मंत्री श्री जोगाराम पटेल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में रामनाम आश्रम पोपावास के श्री जगदीश जी महाराज, विद्या भारती के प्रांत सचिव श्री गंगाविष्णु, प्रबन्ध समिति के अध्यक्ष डॉ. निर्मल गहलोत एवं श्री आनंद सिंह मंचासीन अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि आदर्श विद्या मंदिर का शुभारंभ होना केवल एक विद्यालय ही नहीं है, बल्कि संस्कारों की एक नई पौध रोपने की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि विद्या भारती केवल किताबी ज्ञान नहीं देती, बल्कि 'सा विद्या या विमुक्तये' के ध्येय वाक्य को चरितार्थ करते हुए बालकों में राष्ट्रभक्ति, चरित्र निर्माण और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को समाहित करती है।
श्री पटेल ने कहा कि यहां से निकलने वाला विद्यार्थी केवल एक कुशल पेशेवर नहीं, बल्कि एक सजग और राष्ट्रभक्त नागरिक बनकर निकलता है। उन्होंने कहा कि जब गांव शिक्षित होगा, तभी हमारा प्रदेश और देश सशक्त होगा। उन्होंने कहा कि आज के इस डिजिटल युग में जहां तकनीक तेजी से बदल रही है, वहां हमारे बच्चों को अपनी जड़ों से जुड़े रहना बहुत आवश्यक है।
प्रांत सचिव श्री गंगाविष्णु ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल साक्षरता नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण है। विद्या भारती का लक्ष्य ऐसे युवाओं को तैयार करना है जो आधुनिक विज्ञान में दक्ष होने के साथ-साथ अपनी संस्कृति और राष्ट्र के प्रति पूर्णतः समर्पित हों। उन्होंने झंवर में इस विद्यालय की स्थापना को ग्रामीण क्षेत्र के लिए एक मील का पत्थर बताया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत झंवर के प्रशासक श्री भंवरलाल पटेल सहित जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।