जयपुर, 2 अक्टूबर। पंचायती राज मंत्री श्री मदन दिलावर ने शुक्रवार को अपने निवास पर विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट/रोड लाइट व्यवस्था स्थापित किए जाने के निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रिकालीन आवागमन को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से स्ट्रीट लाइट लगाने के कार्य को प्राथमिकता के साथ चरणबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए।
मंत्री ने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्य बस्तियों, प्रमुख मार्गों, बाजारों, बस स्टैंड, पंचायत भवन, विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य केन्द्र सहित महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से कच्ची बस्तियों, कमजोर वर्गों तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग की बस्तियों में स्ट्रीट लाइट लगाने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
श्री दिलावर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां विद्युत व्यवस्था उपलब्ध नहीं है अथवा नियमित विद्युत आपूर्ति संभव नहीं है, वहां आवश्यकता के अनुसार सौर ऊर्जा आधारित स्ट्रीट लाइट स्थापित की जाएं। उन्होंने कार्यों की स्वीकृति, जियो-टैगिंग, फोटो अपलोड तथा ऑनलाइन मॉनिटरिंग सहित समस्त प्रक्रिया ई-पंचायत पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
मंत्री ने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए तथा जिला एवं राज्य स्तर पर कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समयावधि में लक्ष्य पूरे किए जाएं।