जयपुर, 25 मई। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में राज्य सरकार द्वारा भूजल स्तर बढ़ाने तथा जल संचयन के लिए 5 जून तक संचालित ’वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान’ का शुभारम्भ गंगा दशहरा के शुभ अवसर पर अलवर में जिला स्तरीय कार्यक्रम राजगढ क्षेत्र में मंगलसर बांध पर आयोजित हुआ, जिसमें वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा, प्रभारी सचिव एवं प्रमुख शासन सचिव स्वायत शासन विभाग श्री रवि जैन, जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने मंगलसर बांध पर विधिवत सरोवर पूजन किया। इस दौरान कलश यात्रा निकाली गई तथा उपस्थित आमजन को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
श्री संजय शर्मा ने प्रदेशवासियों को गंगा दशहरा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश को जल आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य के साथ मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के द्वारा यह अभियान प्रारम्भ किया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आमजन का अभियान है जिसमें जल संरचनाओं का जीर्णोद्धार, बांधों का संरक्षण, जल संचयन एवं संरक्षण एवं जल स्रोतों की साफ-सफाई का काम किया जाएगा। साथ ही पर्यावरण संरक्षण हेतु धरती माता को हराभरा बनाने के लिए पौधारोपण भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल की उपलब्धता कम है अतः वर्षा जल का संरक्षण हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण घटक है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि जल संरक्षण व पौधारोपण कर अपना योगदान देवे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए दूरगामी फैसले एवं अभियान चलाए गए, जिसके तहत एक पेड़ मां के नाम अभियान जो कि अब जन-जन का अभियान बन चुका है। इसी प्रकार उज्ज्वला कनेक्शन से न केवल माता-बहनों को धुएं से मुक्ति दिलाई, बल्कि इससे जंगलों का दोहन भी कम हुआ है। उन्होंने कहा कि पानी की एक-एक बूंद बहुत कीमती है और जल है तो कल है अतः न केवल जल को बचाना है बल्कि उसकी एक-एक बूंद के संरक्षण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हमें जल संचयन के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण हेतु पेड़ लगाने, पॉलीथीन का उपयोग नहीं करने का संकल्प लेना होगा।
प्रभारी सचिव एवं प्रमुख शासन सचिव स्वायत शासन विभाग श्री रवि जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के आह्वान पर गंगा दशहरा के पावन पर अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों, ग्राम पंचायतों एवं अर्बन एरिया में 5 जून तक संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जल संरक्षण एवं संचयन हेतु आमजन में जागरूकता का प्रसार किया जाएगा। सरकार की मंशा के अनुरूप इस अभियान को जन-जन का अभियान बनाकर जिले में जल का संरक्षण की दिशा में बेहतरीन काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी विभागों व आमजन के समन्वय से जल की बूंद-बूंद का संचयन हो सके, इस उद्देश्य से जल स्त्रोतों, तालाबों, नहरों, बावडियों, झीलों की साफ-सफाई एवं उनका जीर्णोद्धार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अलवर जिला प्रशासन ने जल संरक्षण के क्षेत्रा में अच्छा काम किया है जिसके तहत देश में अलवर तीसरे स्थान पर रहा। प्रयास यह रहे कि अलवर देश में प्रथम आए।