जयपुर, 22 सितम्बर। निदेशक जन स्वास्थ्य डॉ. रवि प्रकाश शर्मा ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से संबंधित लंबित पेंशन प्रकरणों एवं आपत्तियों के निस्तारण के लिए 23 सितम्बर 2026 को निदेशालय में पेंशन अदालत आयोजित की जाएगी।
डॉ. शर्मा ने बताया कि पेंशन अदालत में विभाग से संबंधित लंबित पेंशन प्रकरणों की समीक्षा कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि लंबित प्रकरणों में आवश्यक दस्तावेज एवं आपत्तियों की पूर्ति करते हुए प्रकरणों को पूर्ण रखा जाए, ताकि पेंशन प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने बताया कि पेंशन अदालत का आयोजन प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को पेंशन प्रकरणों से जुड़े आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी भाग लेने की व्यवस्था की जाएगी।
डॉ. शर्मा ने कहा कि विभाग का प्रयास है कि सेवानिवृत्त एवं सेवानिवृत्त होने वाले कार्मिकों से संबंधित पेंशन प्रकरणों का समय पर निस्तारण हो और उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।