जयपुर, 24 फरवरी। परिवहन राज्य मंत्री श्री बृजेन्द्र सिंह ओला ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि डूंगरपुर में राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की बंद बसों का पुनः संचालन करने का वर्तमान में कोई विचार नहीं है।
श्री ओला ने प्रश्नकाल में विधायक श्री गणेश घोघरा के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में बताया कि विधानसभा क्षेत्र डूंगरपुर में वर्तमान में राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के विभिन्न आगारों की 77 वाहनों का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने इसका विवरण सदन के पटल पर रखा । उन्होंने बन्द की गई बसों का विवरण भी सदन के पटल पर रखा।
उन्होंने बताया कि निगम द्वारा उपलब्ध संसाधनों एवं निगम के वाणिज्यिक हितों को ध्यान में रखते हुए निगम वाहनों का संचालन किया जाता है। निगम वाहन सेवाओं को संचालन अवधि में आय/व्यय के आधार पर ही बन्द किया जाता है जिससे आर्थिक नुकसान नहीं होता है। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय डूंगरपुर से वाया मोदर, पालीसोडा गुजरात बोर्डर तक पूर्व में निगम की ग्रामीण बस सेवा संचालित थी, जिसे कम आय एवं कम यात्री भार के कारण बन्द कर दिया गया। वर्तमान में निगम के सीमित संसाधनों के कारण फिलहाल निगम की बस सेवा को संचालित किये जाने का विचार नहीं है।