जयपुर, 04 जुलाई | राजस्थान की धरती शनिवार को विकास और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करने वाले ऐतिहासिक पल की साक्षी बनी। बालोतरा ज़िले के पचपदरा में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कर कमलों से रिफाइनरी के उद्घाटन के साथ साथ 1 लाख 5 हजार करोड़ रुपए की लागत वाली ऊर्जा, सड़क, नागरिक उड्डयन, रेल और जल से जुड़ी मेगा परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास एवं उद्घाटन किया गया।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पचपदरा स्थित 79 हजार करोड़ रुपए से अधिक की लागत से तैयार राजस्थान रिफाइनरी का उद्घाटन कर राष्ट्र समर्पित की। इस रिफाइनरी से प्रदेश को तेल के भंडार के साथ-साथ रोजगार के बड़े अवसर भी मिलेंगे। इसी क्रम में 13 हजार करोड़ रूपए की लागत वाली जयपुर मेट्रो फेज-2 का शिलान्यास किया गया। राज्य में पेयजल की समस्या के समाधान की दिशा में यमुना जल परियोजना के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर भी संपन्न हुए। युवाओं के लिए 50 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त ऊर्जा, सड़क, नागरिक उड्डयन और रेलवे क्षेत्र की 8 बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया, जिनकी कुल लागत 13 हजार 923 करोड़ रुपए है।
पचपदरा स्थित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागड़े, मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं हजारों की संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भीलवाड़ा टाउन हॉल में भी किया गया। यहां आयोजित विशेष कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, युवा और आमजन मौजूद रहे।
जिला स्तरीय वर्चुअल कार्यक्रम के मुख्य अतिथि किसान आयोग के अध्यक्ष श्री सीआर चौधरी ने संबोधन में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसान के हितों को सर्वोपरि रखकर काम कर रही है। उन्होंने कृषि आधारित उद्योगों और नई योजनाओं से किसानों की आय दोगुनी करने के प्रयासों का उल्लेख किया। आयोग अध्यक्ष श्री चौधरी ने कहा कि राजस्थान रिफाइनरी जैसी परियोजनाएं राजस्थान प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देंगी और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराएंगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार कृषकों, महिलाओं, युवाओं, गरीब व वंचित वर्गों के उत्थान के प्रति विगत कई वर्षों से कार्यरत हैं, यशस्वी प्रधानमंत्री ने 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने के लिए संकल्प लिया है।
समारोह में सांसद दामोदर अग्रवाल ने संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन पूरे राजस्थान के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने यमुना जल परियोजना और जयपुर मेट्रो जैसी परियोजनाओं से आमजन को होने वाले लाभों के बारे में बताया। सांसद ने कहा कि 50 हजार से अधिक युवाओं को नौकरी मिलना इस बात का प्रमाण है कि सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर है। उन्होंने सभी से विकास कार्यों में सहभागी बनने की अपील की।
कार्यक्रम में जिले के चयनित 1196 युवाओं को अतिथियों द्वारा नियुक्ति पत्र प्राप्त होने पर मौजूद नवनियुक्त कार्मिकों ने उत्साह के साथ राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।