जयपुर, 22 जून। पाली जिले के सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नेतरा में विकास की नई इबारत लिखी गई है। क्षेत्र में तीन महत्वपूर्ण सड़कों की वित्तीय स्वीकृति मिलने पर ग्रामीणों में भारी उत्साह है। इस ऐतिहासिक सौगात के लिए स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक और पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत का आभार जताया है।
कैबिनेट मंत्री श्री कुमावत ने कहा कि प्रसिद्ध वराही माता मंदिर में धार्मिक आयोजनों के दौरान हजारों श्रद्धालु आते हैं। खराब रास्तों के कारण उन्हें भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। ग्रामीणों की इस जायज और लंबे समय से लंबित मांग को उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री श्रीमती दिया कुमारी के समक्ष प्रमुखता से रखा। मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत बजट जारी कर दिया।
उन्होंने कहा कि कुल 455 लाख (4.55 करोड़) रुपए के विकास कार्यों को मंजूरी मिली है। इसके तहत 135 लाख रुपए की लागत से नेतरा से पराखिया तक सड़क बनेगी। इसके अलावा 275 लाख रुपए का भारी-भरकम बजट पराखिया से बिरोलिया तक की सड़क के लिए स्वीकृत हुआ। वहीं, 45 लाख रुपए की लागत से नेतरा से वराही माता मंदिर तक सड़क का निर्माण होने से इसकी राह आसान होगी।