जयपुर, 10 सितम्बर। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा राज्य में "एक राज्य एक चुनाव" (वन स्टेट वन इलेक्शन) के अन्तर्गत नगरीय निकायों के चुनाव संपन्न कराये जा रहे हैं। राज्य के 309 नगरीय निकायों (10 नगर निगम, 47 नगर परिषद एवं 252 नगरपालिका) के चुनाव दो चरणों में संपन्न कराए जा रहे हैं।
आयोग द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रमानुसार प्रथम चरण का मतदान 09 सितम्बर को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। द्वितीय चरण का मतदान शुक्रवार, 11 सितम्बर को संपन्न होगा। द्वितीय चरण में 06 नगर निगम, 20 नगरपरिषद एवं 121 नगरपालिका सहित कुल 147 नगरीय निकायों के चुनाव संपन्न कराये जायेंगे। उक्त नगरीय निकायों में से 40 नवगठित नगरीय निकाय हैं जिनमे प्रथम बार निर्वाचन होगा तथा शेष 107 नगरीय निकायों में गत आम चुनावों में मतदान 67.93 प्रतिशत रहा था।
द्वितीय चरण के चुनावों में 147 नगरीय निकायों में कुल 4 हजार 852 वार्ड हैं जिनमें 9 हजार 758 मदतदान बूथ बनाये गये हैं। कुल अभ्यर्थी 18 हजार 266 हैं। जबकि कुल मतदाताओं की संख्या 87 लाख 60 हजार 884 हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रथम चरण में कुल 162 नगरीय निकायों के चुनाव संपन्न कराये गये जिनमें से 04 नगर निगम, 27 नगरपरिषद एवं 131 नगरपालिका सम्मिलित हैं। इस में 162 नगरीय निकायों के सदस्य पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ है तथा कुल मतदान 76.42 प्रतिशत रहा। प्रतापगढ जिले की नगरपालिका अरनोद में सर्वाधिक मतदान 91.98 प्रतिशत रहा तथा न्यूनतम मतदान भीलवाडा जिले के नगर निगम भीलवाड़ा में 63.84 प्रतिशत रहा।