जयपुर, 6 अगस्त। सार्वजनिक निर्माण विभाग राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार गुरुवार को जिले के दौरे पर रही, इस दौरान उन्होंने परबतसर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास, लोकार्पण व भूमि पूजन किया।
आयोजित कार्यक्रम के तहत राज्य मंत्री डॉ मंजू बाघमार ने गुरुवार को परबतसर विधानसभा की ग्राम पंचायत मीठड़ी में 2 करोड़ की लागत से बनने वाले अटल पथ निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम विकास, सुगम आवागमन एवं आमजन की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लगातार विकास कार्य किये जा रहे हैं।
इसके पश्चात राज्य मंत्री डॉ. बाघमार ने परबतसर की बिदियाद ग्राम पंचायत में 2 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अटल प्रगति पथ का लोकार्पण किया और महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में 34 लाख रूपये की लागत से बनने वाले तीन नवीन बड़े हॉल का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। राज्य सरकार माननीय मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में अंतिम छोर के व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का कार्य कर रही है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक मानसिंह किनसरिया ने भी सभा को संबोधित किया। इस अवसर पर परबतसर प्रधान ओमप्रकाश मुंडवाडिया सहित स्थानीय जन प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र के नागरिकगण उपस्थित रहे।