जयपुर, 16 मई। बाड़मेरजिले के प्रभारी मंत्री एवं पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने शनिवार को बाड़मेर मे निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय का निरीक्षण किया।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन चिकित्सालय में विकसित किए जा रहे नवीन ओपीडी, आईपीडी, इमरजेंसी एवं ट्रॉमा सेंटर, सीसीयू, ऑपरेशन थिएटर, एमआरआई एवं सीटी स्कैन के लिए निर्धारित स्थान सहित विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं का अवलोकन किया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री जोराराम कुमावत ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनूप सिंह गुर्जर एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हनुमान राम चौधरी को बाड़मेर क्षेत्र की जनता को बेहतर एवं सुदृढ़ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए चिकित्सालय को शीघ्र पूर्ण रूप से तैयार करने के निर्देश भी प्रदान किए।
प्रभारी मंत्री श्री कुमावत ने चिकित्सालय के लिए आवश्यक नवीन उपकरणों एवं मशीनों के संबंध में विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक माह पूर्ण किए गए कार्यों एवं निर्माण प्रगति की अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए भी निर्देशित किया। निरीक्षण के उपरांत प्रभारी मंत्री ने कैथ लैब एवं बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन से संबंधित प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए तथा इस विषय पर चिकित्सा अधीक्षक से विस्तारपूर्वक चर्चा की।