जयपुर, 12 मई। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा बीकानेर जिला प्रभारी मंत्री श्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने मंगलवार को नोखा के मुकाम और धुपालिया में ग्राम रथ अभियान का निरीक्षण किया तथा संध्या चौपाल में भागीदारी निभाई।
इस दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं, किसानों और युवाओं सहित प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं दी हैं। इस शृंखला में प्रदेश में भी मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जन-जन के कल्याण की प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी सभी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश में 27 अप्रैल से 17 मई तक ग्राम रथ अभियान चलाया जा रहा है।
चिकित्सा मंत्री श्री गजेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री की पहल पर जयपुर से 23 से 25 मई तक ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट 'ग्राम-2026' का आयोजन किया जा रहा है। इसमें प्रदेशभर के किसान भागीदारी निभाएंगे। उन्होंने आह्वान किया कि मुकाम और धुपालिया के किसान भी इसमें भाग लें और देश एवं दुनिया की नई कृषि तकनीकों की जानकारी लें। उन्होंने कहा कि रथों के साथ राज्य सरकार की योजनाओं का साहित्य वितरित किया जा रहा है, वहीं कला जत्थों के माध्यम से भी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। रथ के साथ सुझाव पेटिका भी रखी गई है। ग्रामवासी अपने सुझाव दें, यह उच्च स्तर तक जाएंगे और क्षेत्र के विकास में अपनी भागीदार बनेंगे।
बीकानेर प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने दो वर्षों में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल, सड़क सुदृढ़ीकरण क्षेत्र में नई इबारत लिखी गई है। उन्होंने कहा कि जल्दी ही किसानों को दिन में विद्युत सप्लाई हो सकेगी। इस दौरान उन्होंने किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं के बारे में बताया। प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी दी। आमजन की समस्याएं सुनी और उनके निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही लाभार्थियों को पोषण किट का वितरण किया।
चिकित्सा मंत्री एवं प्रभारी मंत्री ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए सरकार द्वारा राजस्थान की बेटियों को एचपीवी वैक्सीन रूप में बड़ी सौगात दी गई है। उन्होंने कहा कि चौदह से पंद्रह वर्ष आयु वर्ग की एक भी बालिका इससे वंचित नहीं रहे।
इस दौरान जिला बीकानेर कलेक्टर श्री निशान्त जैन, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।