जयपुर, 15 मई। बाड़मेर जिले के प्रभारी मंत्री एवं पशुपालन मंत्री श्री जोराराम कुमावत तथा उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री श्री के.के. विश्नोई ने शुक्रवार को बाड़मेर जिले की नोखड़ा तहसील की ग्राम पंचायत बूठ जैतमाल में आयोजित रात्रि चौपाल में आमजन की समस्याएं सुनीं तथा ग्रामीणों से संवाद कर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, विद्युत, सड़क, नहरी पानी की आपूर्ति, जल जीवन मिशन के कार्यों, राजस्व, कृषि योजनाओं एवं ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न समस्याएं मंत्रियों के समक्ष रखीं। इस पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।
बाड़मेर प्रभारी मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं आमजन को राहत पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों, पशुपालकों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। किसान सम्मान निधि, फसल बीमा एवं अन्य योजनाओं के माध्यम से किसानों को राहत प्रदान की जा रही है।
पशुपालन मंत्री ने कहा कि ग्राम रथ के माध्यम से 13 विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है। मुख्यमंत्री की मंशा है कि किसान एवं पशुपालक सशक्त बनें।
उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री श्री के.के. विश्नोई ने कहा कि रात्रि चौपालों एवं ग्राम स्तरीय संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किए गए जनहितकारी कार्यों से आमजन के जीवन में व्यापक परिवर्तन आया है। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस दौरान विभागीय अधिकारियों एवं कला जत्था के कलाकारों द्वारा राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इससे पूर्व यहां नव निर्मित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भवन का लोकार्पण किया गया।