Breaking News

Dr Arvinder Singh Udaipur, Dr Arvinder Singh Jaipur, Dr Arvinder Singh Rajasthan, Governor Rajasthan, Arth Diagnostics, Arth Skin and Fitness, Arth Group, World Record Holder, World Record, Cosmetic Dermatologist, Clinical Cosmetology, Gold Medalist

Rajasthan / हृदयाघात एवं कार्डियक अरेस्ट जैसी आपातकालीन स्थिति में जीवनरक्षा की मुहिम, डीआईएलएसई कार्यक्रम से प्रदेशव्यापी जीवन रक्षक नेटवर्क तैयार किया जाएगा, मार्च 2027 तक कम से कम एक करोड़ नागरिकों को सीपीआर प्रशिक्षण देने का लक्ष्य, जयपुर से मास्टर ट्रेनर्स तैयार करने की शुरुआत, सभी जिलों में चरणबद्ध लागू होगा कार्यक्रम

हृदयाघात एवं कार्डियक अरेस्ट जैसी आपातकालीन स्थिति में जीवनरक्षा की मुहिम, डीआईएलएसई कार्यक्रम से प्रदेशव्यापी जीवन रक्षक नेटवर्क तैयार किया जाएगा, मार्च 2027 तक कम से कम एक करोड़ नागरिकों को सीपीआर प्रशिक्षण देने का लक्ष्य, जयपुर से मास्टर ट्रेनर्स तैयार करने की शुरुआत, सभी जिलों में चरणबद्ध लागू होगा कार्यक्रम
Dinesh Bhatt November 26, 2026 08:50 PM IST
जयपुर, 26 नवम्बर। प्रदेश में हृदयाघात एवं कार्डियक अरेस्ट जैसी जानलेवा आपातकालीन स्थिति में समय पर जीवन बचाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा ‘डेडिकेटेड इंटरवेंशन एंड लाइफ सेविंग इमरजेंसी’ (डीआईएलएसई) कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को जीवन रक्षक कौशल से प्रशिक्षित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। मार्च 2027 तक प्रदेश के कम से कम एक करोड़ नागरिकों को कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन यानी सीपीआर का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
 
प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्रीमती गायत्री राठौड़ ने बताया कि डेडिकेटेड इंटरवेंशन एंड लाइफ सेविंग इमरजेंसी’ कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश में सीपीआर, ऑटोमेटेड एक्सटर्नल डिफिब्रिलेटर (एईडी) के उपयोग तथा हृदयाघात की समय रहते पहचान एवं उपचार की क्षमता विकसित करना है। उन्होंने कहा कि कार्डियक अरेस्ट जैसी आपात स्थिति में चिकित्सा सहायता पहुंचने से पहले सीपीआर एवं एईडी का सही उपयोग किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग के साथ आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए प्रदेशव्यापी जीवन रक्षक प्रशिक्षण नेटवर्क तैयार किया जाएगा।
 
श्रीमती राठौड़ ने बताया कि कार्यक्रम के प्रथम चरण में जयपुर जिले के लिए 25 एवं 26 नवम्बर को झालाना डूंगरी स्थित राजकीय प्रशिक्षण केंद्र में दो दिवसीय ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (टीओटी) आयोजित की गयी। इसमें करीब 40 चिकित्सकों को सीपीआर, एईडी संचालन तथा एसटी-एलिवेशन मायोकार्डियल इन्फार्क्शन (एसटीईएमआई) की पहचान के लिए ईसीजी का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया है। इसका उद्देश्य जिला स्तर पर मास्टर ट्रेनर्स तैयार करना है, जो आगे अपने क्षेत्रों में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कार्मिकों को प्रशिक्षित करेंगे।
 
प्रमुख शासन सचिव ने बताया कि आगामी दिसम्बर माह के प्रथम सप्ताह में सीएचओ, एएनएम एवं आशा सहयोगिनियों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद आगामी दो माह में प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों के माध्यम से सामुदायिक प्रतिनिधियों, विद्यालयों के शिक्षकों, पुलिसकर्मियों एवं अन्य नागरिक समूहों को सीपीआर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रकार स्वास्थ्य विभाग के प्रशिक्षित कार्मिकों के माध्यम से आमजन तक जीवन रक्षक तकनीकों का विस्तार किया जाएगा।
 
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में उपयोग किए गए सीपीआर मैनिकिन एवं एईडी ट्रेनर्स संबंधित चिकित्सकों को एक माह के लिए वापसी योग्य आधार पर उपलब्ध करवाए जाएंगे, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में चिकित्सकों, नर्सिंगकर्मियों एवं अन्य पैरामेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षण दे सकें। डीआईएलएसई कार्यक्रम को जयपुर के बाद प्रदेश के सभी जिलों में चरणबद्ध रूप से लागू किया जाएगा।
 
राज्य नोडल अधिकारी डॉ. सुनील सिंह ने राजस्थान के पांच करोड़ नागरिकों को सीपीआर प्रशिक्षण देने का विजन साझा करते हुए कहा कि प्रदेश का प्रत्येक नागरिक जीवन रक्षक बने, यही डीआईएलएसई कार्यक्रम का मूल उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में 30 फीडबैक आधारित सीपीआर मैनिकिन एवं 25 एईडी ट्रेनर्स उपलब्ध करवाए गए। इनके माध्यम से चिकित्सकों को सीपीआर एवं एईडी के सुरक्षित उपयोग का व्यावहारिक अभ्यास करवाया गया। इसके साथ ही रेस्क्यू ब्रीदिंग, एयरवे मैनेजमेंट एवं इंट्यूबेशन का प्रशिक्षण भी दिया गया। एसटीईएमआई के विभिन्न प्रकारों एवं उनसे मिलती-जुलती ईसीजी स्थितियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
 
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ डॉ. वी.के. जैन ने कार्डियक अरेस्ट की पहचान, उच्च गुणवत्ता वाले सीपीआर, एडल्ट बेसिक लाइफ सपोर्ट, एईडी संचालन तथा एडवांस्ड कार्डियक लाइफ सपोर्ट की मूलभूत जानकारी दी। डॉ. जय पुरोहित ने एसटीईएमआई की शीघ्र पहचान, ईसीजी, प्रारंभिक उपचार, थ्रोम्बोलाइसिस, पीसीआई तथा मरीजों के त्वरित रेफरल की प्रक्रिया के बारे में बताया। डॉ. अनुपम महर्षि ने सीपीआर, एईडी संचालन एवं ईसीजी की व्यावहारिक जानकारी दी।
  • fb-share
  • twitter-share
  • whatsapp-share

Disclaimer : All the information on this website is published in good faith and for general information purpose only. www.newsagencyindia.com does not make any warranties about the completeness, reliability and accuracy of this information. Any action you take upon the information you find on this website www.newsagencyindia.com , is strictly at your own risk
#

RELATED NEWS