जयपुर, 12 मई। राज्य सरकार के तत्वावधान में आगामी 23 से 25 मई तक आयोजित होने वाली ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट’ (ग्राम) की तैयारियों के क्रम में संचालित ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत मंगलवार को जोधपुर जिले के ओसियां विधानसभा क्षेत्र की खेतासर ग्राम पंचायत में रात्रि चौपाल एवं जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन शिक्षा मंत्री एवं जोधपुर प्रभारी मंत्री श्री मदन दिलावर की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को आधुनिक कृषि, उन्नत पशुपालन, नवाचार आधारित खेती एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
ग्रामीणों से आत्मीय संवाद, योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान —
जोधपुर प्रभारी मंत्री श्री मदन दिलावर ने रात्रि चौपाल में महिलाओं, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों, विशेष योग्यजनों, किसानों एवं पशुपालकों सहित विभिन्न वर्गों से आत्मीय संवाद करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य सरकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर जनसमस्याओं का मौके पर समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति प्रदान की जाए।
जनसुनवाई में परिवेदनाओं पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश —
रात्रि चौपाल में आयोजित जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों द्वारा पेयजल, शिक्षा, सिंचाई एवं आधारभूत सुविधाओं से संबंधित विभिन्न परिवेदनाएं प्रस्तुत की गईं। ट्यूबवेल निर्माण से संबंधित परिवेदना पर प्रभारी मंत्री ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद को त्वरित कार्यवाही करते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
इसी प्रकार टांके से संबंधित प्रतिवेदन पर उन्होंने तत्काल टांका निर्माण के आदेश प्रदान किए। नेवरा स्थित रामनाडा राजकीय प्राथमिक उच्च माध्यमिक विद्यालय के क्रमोन्नयन संबंधी मांग पर आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया गया।
पेयजल व्यवस्था एवं शिक्षा व्यवस्था को लेकर जताई गंभीरता —
प्रभारी मंत्री श्री दिलावर ने ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को ग्राम विकास अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विद्यालयों के क्रमोन्नयन एवं शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति से संबंधित शिकायतों पर उन्होंने जिला कलक्टर को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षकों को उनके मूल पदस्थापन स्थान पर लगाया जाए तथा मुख्यालय स्तर की प्रतिनियुक्ति वहीं के शिक्षकों द्वारा की जाए, ताकि ग्रामीण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
रात्रि चौपाल एवं जनसुनवाई कार्यक्रम में जोधपुर जिला कलक्टर श्री आलोक रंजन, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद श्री आशीष कुमार मिश्रा, प्रभारी मंत्री के सचिव श्री जयनारायण मीना सहित जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।