Breaking News

Dr Arvinder Singh Udaipur, Dr Arvinder Singh Jaipur, Dr Arvinder Singh Rajasthan, Governor Rajasthan, Arth Diagnostics, Arth Skin and Fitness, Arth Group, World Record Holder, World Record, Cosmetic Dermatologist, Clinical Cosmetology, Gold Medalist

Rajasthan / जयपुर एडीएम ने जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिये

जयपुर एडीएम ने जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिये
Dinesh Bhatt November 26, 2026 08:54 PM IST
जयपुर, 26 नवंबर 2026। जवाहर नवोदय विद्यालय पावटा में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा-6 में प्रवेश हेतु आयोजित होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन के संबंध में गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में अतिरिक्त जिला कलक्टर (पूर्व) नरेंद्र कुमार वर्मा की अध्यक्षता में अभिविन्यास बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ने परीक्षा के सुचारु संचालन, अभ्यर्थियों की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा नकल रहित परीक्षा आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
 
अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेंद्र कुमार वर्मा ने निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। परीक्षा केंद्रों पर अभिभावकों को पर्याप्त दूरी पर रखा जाए तथा स्मार्टफोन का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहे। उन्होंने कहा कि विलंब से आने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रत्येक अभ्यर्थी की पहचान सुनिश्चित करने के पश्चात ही उसे केंद्र में प्रवेश दिया जाए। उन्होंने केंद्राधीक्षकों को पूर्ण सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ निष्पक्षतापूर्वक परीक्षा संपन्न करवाने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
 
उन्होंने बताया कि परीक्षा के सफल एवं नकल रहित आयोजन के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी गई है। केंद्राधीक्षकों को संबंधित पुलिस थाने के प्रभारी से समन्वय स्थापित रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
 
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय पावटा में शैक्षणिक सत्र 2027-28 हेतु कक्षा-6 में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा का आयोजन शनिवार, 28 नवंबर 2026 को प्रातः 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक किया जाएगा। परीक्षा में जयपुर एवं कोटपूतली-बहरोड़ जिले के कुल 8,929 पंजीकृत अभ्यर्थी 39 परीक्षा केंद्रों पर सम्मिलित होंगे। इनमें 13 परीक्षा केंद्र कोटपूतली-बहरोड़ जिले में तथा 26 परीक्षा केंद्र जयपुर जिले में निर्धारित किए गए हैं।
 
उन्होंने बताया कि परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी पंजीकृत अभ्यर्थी नवोदय विद्यालय समिति के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर उसका प्रिंट प्राप्त कर लें। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए इन दस्तावेजों को साथ लाना आवश्यक है।
 
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी, पुलिस विभाग के प्रतिनिधि एवं जयपुर जिले के समस्त परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षक उपस्थित रहे। इस दौरान परीक्षा के सुचारु संचालन, सुरक्षा व्यवस्था एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
 
जवाहर नवोदय विद्यालय, पावटा की प्राचार्या संजू जोशी ने बताया कि परीक्षा के सुचारु एवं सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां, सुरक्षा प्रबंध एवं पुलिस बंदोबस्त सुनिश्चित कर लिए गए हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की कि वे परीक्षा के दिन निर्धारित समय से पर्याप्त पूर्व अपने आवंटित परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें। विशेष रूप से दूर-दराज के ग्रामीण एवं अन्य क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थी यात्रा में लगने वाले समय को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त समय पहले घर से प्रस्थान करें, ताकि यातायात अथवा अन्य किसी कारण से परीक्षा केंद्र पहुंचने में विलंब न हो तथा कोई भी पात्र अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होने से वंचित न रहे। उन्होंने अभ्यर्थियों से प्रवेश पत्र एवं आधार कार्ड अनिवार्य रूप से साथ लाने तथा परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
  • fb-share
  • twitter-share
  • whatsapp-share

Disclaimer : All the information on this website is published in good faith and for general information purpose only. www.newsagencyindia.com does not make any warranties about the completeness, reliability and accuracy of this information. Any action you take upon the information you find on this website www.newsagencyindia.com , is strictly at your own risk
#

RELATED NEWS