जयपुर, 20 जुलाई। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड ने सोमवार को अलवर में ट्रैक्टर्स एण्ड फार्म इक्विपमेंट लिमिटेड (टैफे) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी टैफे मोटर्स एण्ड ट्रैक्टर्स लिमिटेड के विनिर्माण संयंत्र में डॉयट्स इंजन उत्पादन इकाई का उद्घाटन किया। यह टैफे मोटर्स और डॉयट्स एजी के बीच उत्पादन और विनिर्माण के क्षेत्र में पहली साझेदारी है।
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री श्री राज्यवर्धन राठौड ने संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रगतिशील नीतियों एवं व्यापार को आसान बनाने वाली व्यवस्थाओं के माध्यम से उद्योग स्थापना के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे राज्य एक पसंदीदा मैन्युफेक्चरिंग केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश अनुकूलता के लिए राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इंवेस्टमेंट समिट का वृहद स्तर पर आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में 35 लाख करोड़ रूपये से अधिक के निवेश समझौते हुए हैं। इससे प्रदेश में उद्योगों की रफ्तार में गति मिल रही है और युवाओं के लिए रोजगार के नवीन अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि टैफे नवाचार और कौशल विकास को बढ़ावा देने व विश्व स्तरीय तकनीक एवं मैन्युफेक्चरिंग उत्कृष्टता के माध्यम से भारत के किसानों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
मंत्री श्री राठौड ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन को साकार करने की दिशा में राज्य में निवेश और औद्योगिक विकास को गति देने के लिए 30 से अधिक नवीन नीतियां लागू की गई है, जिनमें एमएसएमई, निर्यात प्रोत्साहन, टैक्सटाइल, लोजिस्टिक्स, डेटा सेंटर, सेमी कंडक्टर इत्यादि पर आधारित नीतियां शामिल है। उन्होंने कहा कि राज्य में नीतियों के निर्माण से निवेश को बढ़ावा मिला है।