जयपुर, 20 नवम्बर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्तालय द्वारा “शुद्ध आहार मिलावट पर वार” अभियान के तहत प्रदेशभर में प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में विवाह समारोहों के सीजन के मद्देनजर आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से विशेष निरीक्षण अभियान संचालित किया जाएगा। साथ ही फ्रेंचाइजी आधारित फूड एवं बेवरेज चेन वाले प्रतिष्ठानों में जांच के लिए भी विशेष अभियान संचालित कर निरीक्षण कार्यवाही की जाएगी। इसके लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त श्री अविचल चतुर्वेदी ने सभी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
आयुक्त ने बताया कि शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत शादियों के सीजन को ध्यान में रखते हुए शादियों में प्रयुक्त होने वाली खाद्य सामग्री जैसे घी, दूध, पनीर, मावा, मसाले एवं ड्राई फ्रूट्स सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांची जाएगी। साथ ही खाद्य तेल की गुणवत्ता एवं टीपीसी स्तर, स्वच्छता, भंडारण व्यवस्था, पेयजल एवं खाद्य संचालकों की व्यक्तिगत स्वच्छता की भी जांच जाएगी। खाद्य नमूनों की जांच के लिए चल खाद्य प्रयोगशालाओं का उपयोग किया जाएगा।
श्री चतुर्वेदी ने बताया कि प्रदेश में संचालित फ्रेंचाईजी आधारित फूड एवं बेवरेज चेन्स जैसे मैकडॉनल्ड्स, के.एफ.सी., पिज्जा हट, स्टारबक्स, बर्गर किंग, बर्गर फार्म, डॉमिनोज पिज्जा एवं कोस्टा काफी इत्यादि के निरीक्षण एवं खाद्य पदार्थों के नमूनीकरण के लिए तीन दिवसीय सघन निरीक्षण एवं अभियान चलाया जाएगा।