Breaking News

Dr Arvinder Singh Udaipur, Dr Arvinder Singh Jaipur, Dr Arvinder Singh Rajasthan, Governor Rajasthan, Arth Diagnostics, Arth Skin and Fitness, Arth Group, World Record Holder, World Record, Cosmetic Dermatologist, Clinical Cosmetology, Gold Medalist

Rajasthan / हरियालों राजस्थान - हरियालों जयपुर, जेडीए के हरित जयपुर अभियान को मिल रहा आमजन का भरपूर सहयोग, अब तक 6 हजार 638 पौधे किए वितरित

हरियालों राजस्थान - हरियालों जयपुर, जेडीए के हरित जयपुर अभियान को मिल रहा आमजन का भरपूर सहयोग, अब तक 6 हजार 638 पौधे किए वितरित
Dinesh Bhatt July 31, 2026 08:34 AM IST
जयपुर, 30 जुलाई। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार के "हरियालो राजस्थान" अभियान को सफल बनाने की दिशा में नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री श्री झाबर सिंह खर्रा के निर्देशन में जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा प्रारम्भ किए गए रियायती दर पर पौधा वितरण अभियान को आमजन का उत्साहजनक सहयोग मिल रहा है। अभियान के शुभारम्भ से अब तक जेडीए द्वारा 6638 छायादार एवं फलदार पौधों का वितरण किया जा चुका है, जो शहरवासियों में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित जयपुर के निर्माण के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रमाण है।
 
जयपुर विकास आयुक्त श्री सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि जेडीए द्वारा इस वर्ष आमजन के लिए 85 हजार पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, जिनमें 10 फीट ऊंचाई के 28,800 तथा 5 फीट ऊंचाई के 56,000 पौधे शामिल हैं। अभियान के तहत नागरिकों को रियायती दरों पर पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो रही है।
 
उन्होंने बताया कि नागरिकों की सुविधा एवं प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जेडीए द्वारा "Pay for Plant" पोर्टल प्रारम्भ किया गया है। नागरिक मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी सत्यापन कर अधिकतम 2 बड़े पौधे (लगभग 10 फीट, 80 रुपये प्रति पौधा) तथा 3 छोटे पौधे (लगभग 5 फीट, 50 रुपये प्रति पौधा) का चयन कर ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं। भुगतान रसीद के आधार पर निर्धारित वितरण केन्द्र पर ओटीपी सत्यापन के पश्चात पौधे प्राप्त किए जा रहे हैं।
 
जेडीए द्वारा पौधों का वितरण प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक शहर के 12 निर्धारित वितरण केन्द्रों—जवाहर सर्किल, निलय कुंज पार्क, रामनिवास बाग, नेहरू बालोद्यान, सेंट्रल पार्क, शिवाजी नगर पार्क (श्याम नगर थाने के पीछे), त्रिवेणी नगर सामुदायिक केन्द्र, वुडलैण्ड पार्क, वैशाली नर्सरी पार्क, करधनी पार्क (कालवाड़ रोड), मरुधर नगर पार्क (चित्रकूट, अजमेर रोड) एवं स्मृति वन (सीकर रोड, विद्याधर नगर)—पर किया जा रहा है।
 
इस वर्ष जेडीए द्वारा पौधा वितरण के साथ एक अभिनव पहल भी की गई है। पौधों की सर्वाइवल दर बढ़ाने के उद्देश्य से प्रत्येक वितरण केन्द्र पर वैज्ञानिक एवं तकनीकी पद्धति से पौधारोपण करने का चरणबद्ध (स्टेप-बाय-स्टेप) मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे नागरिकों को पौधारोपण की सही तकनीक की जानकारी मिल रही है, जिससे पौधों के जीवित रहने की संभावना बढ़ेगी तथा शहर के हरित आवरण का प्रभावी विस्तार सुनिश्चित होगा।
 
रियायती दरों पर पौधों के वितरण के साथ-साथ जेडीए द्वारा जुलाई से नवम्बर 2026 तक विभिन्न राजकीय संस्थानों—जैसे पुलिस थाने, विद्यालय, चिकित्सालय एवं आवासीय योजनाओं—में मांग प्राप्त होने पर नि:शुल्क वृक्षारोपण भी कराया जाएगा।
 
जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा आम नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में इस अभियान से जुड़कर पौधारोपण करने के लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है। जिससे राज्य सरकार के "हरियालो राजस्थान" संकल्प के अनुरूप जयपुर को अधिक हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल शहर बनाया जा सके।
  • fb-share
  • twitter-share
  • whatsapp-share

Disclaimer : All the information on this website is published in good faith and for general information purpose only. www.newsagencyindia.com does not make any warranties about the completeness, reliability and accuracy of this information. Any action you take upon the information you find on this website www.newsagencyindia.com , is strictly at your own risk
#

RELATED NEWS