Breaking News

Dr Arvinder Singh Udaipur, Dr Arvinder Singh Jaipur, Dr Arvinder Singh Rajasthan, Governor Rajasthan, Arth Diagnostics, Arth Skin and Fitness, Arth Group, World Record Holder, World Record, Cosmetic Dermatologist, Clinical Cosmetology, Gold Medalist

Rajasthan / समर कैंप 2026 का भव्य शुभारंभ, 609 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मिलेगा उन्नत प्रशिक्षण

समर कैंप 2026 का भव्य शुभारंभ, 609 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मिलेगा उन्नत प्रशिक्षण
Aayushman Bhatt May 30, 2026 09:38 PM IST

जयपुर, 30 मई। अलवर सांसद खेल उत्सव 2025-26 के अंतर्गत आयोजित “समर कैंप 2026” का भव्य शुभारंभ कोटपूतली-बहरोड़ के आरपीएस इंटरनेशनल स्कूल, बहरोड़ में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा अलवर सांसद श्री भूपेंद्र यादव, राजस्थान सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य, सूचना प्रौद्योगिकी और संचार, युवा मामले और खेल, कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता तथा सैनिक कल्याण विभाग मंत्री राजस्थान सरकार कर्नल श्री राज्यवर्धन राठौड़, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा तथा ओलंपिक पदक विजेता एवं पद्मश्री सम्मानित अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी श्री योगेश्वर दत्त की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।

श्री भूपेंद्र यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण का सशक्त आधार है। युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के उद्देश्य से सांसद खेल उत्सव एवं समर कैंप जैसे नवाचारात्मक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए “फिट इंडिया” और "खेलों इंडिया" के संदेश के माध्यम से देशभर में खेलों को बढ़ावा मिला है तथा खेल भावना व्यक्ति को हर परिस्थिति में सकारात्मक बनाए रखती है। उन्होंने कहा कि हार तब होती है जब मन से हार जायें, मन को मजबूत बनायें, संकल्प लेकर आगे बढ़े, अनुशासन के साथ लक्ष्य की प्राप्ति करें।

श्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं से खेलों में सक्रिय भागीदारी करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।

श्री यादव ने अलवर सांसद खेल उत्सव का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों से आयोजित इस खेल उत्सव ने क्षेत्र की हजारों प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया है। विभिन्न खेलों में युवाओं ने अपने हुनर का प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए हॉकी के लिए एस्ट्रोटर्फ, कुश्ती स्टेडियम सहित कई विकास कार्य किए गए हैं। उन्होंने गांव स्तर पर ग्रामीण के सहयोग से कबड्डी स्टेडियम एवं ट्रैक विकसित करने की भी बात कही।

उन्होंने शिक्षा एवं तकनीक के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व में 101 ई-लाइब्रेरी स्थापित करने की घोषणा को पूरा करते हुए अब अलवर संसदीय क्षेत्र में 132 ई-लाइब्रेरी स्थापित की जा चुकी हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक अध्ययन सुविधाएं मिल रही हैं। साथ ही स्वयं सहायता समूहों के लिए 47 क्लस्टरों में कार्यालय भवन विकसित किए जाएंगे। उन्होंने विज्ञान, तकनीक, अंग्रेजी और गणित विषयों को भविष्य की आवश्यकता बताते हुए विद्यार्थियों को इन विषयों में दक्ष बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बालक बालिकाओं के लिए खेल, उद्योग और नई तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं विकसित करनी होंगी।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सरकारी विद्यालयों में 10वीं के 100 बच्चों का चयन कर के 2 साल निशुल्क कोचिंग प्रदान कर उज्ज्वल भविष्य हेतु मार्ग प्रशस्त करने का कार्य करेंगे।

हार नहीं माने, सीख लेकर आगे बढ़ते रहे- कर्नल राज्यवर्धन

मंत्री श्री राठौड़ ने कैम्प प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी से प्रेरणा लेकर माननीय केंद्रीय मंत्री एवं अलवर सांसद श्री भूपेंद्र यादव ने क्षेत्र में शिक्षा, खेल, सहकारिता, महिला सुरक्षा सहित सभी क्षेत्रों में अतुलनीय कार्य करते हुए सभी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देने का कार्य किया है। खेल सांसद उत्सव ने क्षेत्र के युवाओं में छुपी हुई प्रतिभा को मंच प्रदान करने का कार्य किया है, अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के कोच, खेल सुविधाएं, ट्रेक, मैदान उपलब्ध होने से क्षेत्र का राष्ट्र सहित अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नाम रोशन होगा। उन्होंने युवाओं से इन सुविधाओं का उपयोग करते हुए अपनी प्रतिभा का और निखारने का आव्हान किया।

श्री राठौड़ ने कहा माननीय प्रधानमंत्री के विजन को साकार करने की दिशा में सरकार द्वारा 10 से 14 साल के बच्चों को उन्नत प्रशिक्षण प्रदान कर ओलंपिक खेलों के लिए तैयार करने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने अपने ओलंपिक के दिनों के अनुभव साझा करते हुए कहा कि हार से कभी निराश नहीं होना चाहिए, हार से सीख लेते हुए सदैव आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी के "सबका साथ सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास" को पूर्ण करने के लिए सरकार सदैव प्रतिबद्ध है।

सांसद खेल उत्सव से क्षेत्र की प्रतिभाओं को मिला मंच- श्री शर्मा

वन राज्यमंत्री श्री संजय शर्मा ने प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सांसद खेल उत्सव ने क्षेत्र की प्रतिभाओं को निखारने और उचित मंच प्रदान करने का कार्य किया है। लगातार युवाओं का इसके प्रति रुझान बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि खेल के साथ साथ अन्य क्षेत्रों में भी क्षेत्र लगातार आगे बढ़ रहा है, केंद्र एवं राज्य सरकार लगातार क्षेत्र को उन्नति की और अग्रसर कर रही है।

इससे क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान और आगे बढ़ने का सशक्त मंच मिलेगा- श्री दत्त

ओलंपियन श्री योगेश्वर दत्त ने प्रतिभागियों को शुभकामाएं देते हुए कहा कि समर कैंप 2026 केवल खेल प्रशिक्षण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास, व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य के राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। इससे क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान और आगे बढ़ने का सशक्त मंच मिलेगा। उन्होंने अपने साझा करते हुए बताया कि खेल सांसद उत्सव में दी जा रही उत्तम सुविधाओं का उपयोग करते हुए अपने कौशल को निखारें एवं देश व क्षेत्र का नाम रोशन करें।

अलवर सांसद खेल उत्सव बना जनभागीदारी का बड़ा मंच

अलवर सांसद खेल उत्सव ने वर्ष 2024 की तुलना में वर्ष 2025 में उल्लेखनीय विस्तार और सफलता प्राप्त की है। वर्ष 2024 में जहां 11 खेल मैदानों पर 11 खेल विधाओं में प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ था और लगभग 18 हजार खिलाड़ियों ने भाग लिया था, वहीं वर्ष 2025 में खेल मैदानों की संख्या बढ़ाकर 18 कर दी गई तथा खेल विधाओं का विस्तार कर 14 किया गया।

प्रतिभागियों की संख्या में भी रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई। वर्ष 2024 में लगभग 18 हजार प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 40 हजार से अधिक हो गई। इसी प्रकार कुल टीमों की संख्या 1060 से बढ़कर 1459 पहुंच गई। इस वर्ष बैडमिंटन, बॉक्सिंग और योग जैसी नई खेल विधाओं को भी शामिल किया गया, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

विशेष बात यह रही कि खेल उत्सव में खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्रालय, भारत सरकार की टैलेंट फाइंडिंग यूनिट द्वारा प्रतिभाओं की निगरानी की गई, जिससे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध हुए।

समर कैंप में प्रतिभाओं को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण

सांसद खेल उत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 609 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन समर कैंप 2026 के लिए किया गया है। वर्ष 2025 में आयोजित प्रथम समर कैंप में 350 खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जबकि वर्ष 2026 के लिए प्रतिभागी खिलाड़ियों की संख्या बढ़कर 609 हो गई है। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष पंजीकरण शुल्क निर्धारित होने के बावजूद खिलाड़ियों का उत्साह और सहभागिता बढ़ी है।

वर्ष 2025 में अलवर स्थित एलआईईटी कॉलेज, चिकानी में आयोजित कैंप में 7 राज्यों से आए 29 प्रशिक्षकों ने 9 खेल विधाओं में प्रशिक्षण दिया था। वहीं इस वर्ष आरपीएस इंटरनेशनल स्कूल, बहरोड़ में आयोजित कैंप में 9 राज्यों से आए 33 प्रशिक्षक 14 खेल विधाओं में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों के विशेषज्ञ प्रशिक्षक खिलाड़ियों को आधुनिक तकनीकों से प्रशिक्षित करेंगे।

खेल प्रशिक्षण के साथ व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष फोकस

समर कैंप 2026 में खिलाड़ियों को सुबह और शाम नियमित खेल प्रशिक्षण के साथ संतुलित आहार, फिजियोथेरेपी और खेल-केंद्रित तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल, आत्मरक्षा, मासिक धर्म स्वच्छता, लैंगिक संवेदनशीलता तथा नेतृत्व क्षमता से संबंधित विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।

सैन्य अनुशासन और प्रेरणादायी अनुभवों से होगा परिचय

कैंप के दौरान खिलाड़ियों को सैन्य अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना से परिचित कराने के लिए सीआईएसएफ परिसर, बहरोड़ का भ्रमण भी कराया जाएगा। इससे खिलाड़ियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना का विकास होगा।

24 घंटे सुरक्षा और आधुनिक सुविधाओं की व्यवस्था

समर कैंप में खिलाड़ियों के लिए 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, नियोजित एवं संतुलित आहार, समर्पित फिजियोथेरेपिस्ट तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि खिलाड़ी सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण में अपने कौशल का विकास कर सकें।

खिलाड़ियों का अतिथियों ने किया सम्मान

इस अवसर पर अतिथियों ने चीन में आयोजित एशियन बीच गेम्स में कबड्डी प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर देश और क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले मुंडावर निवासी खिलाड़ी श्री जय भगवान, नेशनल व्हील चेयर क्रिकेट प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने वाले श्री जुबेर खान एवं 400 मीटर पैरा दौड़ में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले श्री सुनील कुमार साहू को सम्मानित किया तथा उनकी उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।

कार्यक्रम में बानसूर विधायक श्री देवीसिंह शेखावत, रामगढ़ विधायक श्री सुखवंत सिंह, पूर्व मंत्री श्री राजेन्द्र यादव, अलवर जिला प्रमुख श्री बलबीर छिल्लर, जिला अध्यक्ष अलवर उत्तर श्री महासिंह, जिला अध्यक्ष अलवर दक्षिण श्री अशोक गुप्ता, अध्यक्ष राजस्थान क्रिकेट संघ श्री मोहित यादव, अध्यक्ष सरस डेयरी अलवर श्री नितिन सांगवान  सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं जिला कलेक्टर श्रीमती अपर्णा गुप्ता, जिला पुलिस अधीक्षक श्री सतवीर सिंह, एडीएम श्री ओमप्रकाश सहारण सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

  • fb-share
  • twitter-share
  • whatsapp-share

Disclaimer : All the information on this website is published in good faith and for general information purpose only. www.newsagencyindia.com does not make any warranties about the completeness, reliability and accuracy of this information. Any action you take upon the information you find on this website www.newsagencyindia.com , is strictly at your own risk
#

RELATED NEWS