जयपुर, 10 मई। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे रविवार को बालोतरा जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल आसोतरा ब्रह्म मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे के मंदिर पहुंचने पर मंदिर ट्रस्ट एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा पारंपरिक स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में स्थित शिव धूनी के दर्शन किए तथा माता सावित्री के साथ भगवान ब्रह्मा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। राज्यपाल ने मंदिर की धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आस्था केंद्र भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा को मजबूत करने का कार्य करते हैं।