जयपुर, 12 मई। राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री हरिभाऊ बागडे ने मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित की।
राज्यपाल श्री बागडे ने विश्वविद्यालय परिसर में स्वास्थ्य केंद्र, विद्यार्थी और शोधार्थी बॉयज हॉस्टल एवं छात्रसंघ कार्यालय का लोकार्पण किया। साथ ही निर्माणाधीन ऑडिटोरियम एवं स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। इस अवसर पर विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें छात्र संघ भवन का निर्माण कार्य 2.42 करोड़ रुपए, औषधालय भवन 2.06 करोड़ रुपए, शोध छात्रावास (एक बिस्तर) 3.01 करोड़ रुपए तथा स्नातकोत्तर छात्रावास (दो बिस्तर) 3.03 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित कार्य शामिल हैं।
राज्यपाल श्री बागडे ने राजस्थान स्टेट रोड डेवलपमेंट एंड कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन (RSRDC) के अधिकारियों के साथ बैठक कर विश्वविद्यालय से संबंधित निर्माणाधीन विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों का निर्धारित शेड्यूल बनाकर नियमित समीक्षा बैठक आयोजित की जाए, ताकि सभी कार्य तय समय सीमा में पूरे हो सकें।
राज्यपाल ने विश्वविद्यालय की समीक्षा बैठक में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ शोध एवं नवाचार अपनाते हुए नई शिक्षा नीति को प्रभावी रूप में लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा के श्रेष्ठ मानदंड स्थापित करे।
राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विश्वविद्यालय परिसर में निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का कार्य सितंबर माह तक पूर्ण किया जाए, जिससे विश्वविद्यालय के कार्यक्रमों के लिए अस्थायी डोम लगाने की आवश्यकता नहीं पड़े तथा विश्वविद्यालय को आर्थिक बचत हो सके।