जयपुर, 25 अगस्त। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे मंगलवार को दौसा जिला स्थित महवा स्थित द बोहराज ग्लोबल स्कूल में आयोजित सीबीएसई कबड्डी गर्ल्स स्टेट क्लस्टर टूर्नामेंट में शामिल हुए। उन्होंने कबड्डी खिलाड़ियों एवं रेफरी से परिचय प्राप्त किया तथा टॉस करवाकर मैच का आनंद लिया।
राज्यपाल ने कहा कि कबड्डी देश का पारंपरिक खेल है, जो प्राचीन समय में गुरुकुलों में भी खेला जाता था। यह खेल अनुशासन, टीम भावना, साहस और शारीरिक क्षमता का प्रतीक है। खेलों से शरीर को मजबूती एवं ऊर्जा मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि शारीरिक क्षमता के साथ-साथ अपनी बौद्धिक क्षमता का भी विकास करें तथा अध्ययन के माध्यम से निरंतर ज्ञान अर्जित करें।
उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षकों द्वारा पढ़ाए जाने वाले विषयों को पूरे मनोयोग और एकाग्रता से सुनें तथा उनमें रुचि विकसित करें। उन्होंने विद्यार्थियों से टेक्स्ट बुक तक सीमित न रहकर साहित्य एवं अन्य उपयोगी पुस्तकों का अध्ययन करने और नियमित अभ्यास के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया। राज्यपाल ने शिक्षकों से कहा कि वे स्वयं भी निरंतर ज्ञान अर्जित करते रहें और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें। शिक्षक ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का निर्माण करें, जिनमें शैक्षणिक ज्ञान के साथ शारीरिक क्षमता, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच का भी विकास हो।
उन्होंने कहा कि आज बालिकाएं शिक्षा और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। उन्होंने कालीबाई का उल्लेख करते हुए कहा कि साहस, शिक्षा और अपने शिक्षकों से मिले संस्कारों ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने बालिकाओं से भी शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।