जयपुर, 21 नवंबर। जयपुर की विश्व धरोहर विरासत के संरक्षण, संवर्धन एवं बेहतर प्रबंधन को लेकर शासन सचिव, स्वायत्त शासन विभाग श्री रवि जैन ने शनिवार को डीएलबी के कॉन्फ्रेंस हॉल में तकनीकी विरासत समिति की बैठक ली। बैठक में यूनेस्को को प्रस्तुत की जाने वाली स्टेट ऑफ कंजर्वेशन (SOC) रिपोर्ट 2026-27 की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
श्री जैन ने कहा कि जयपुर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि यूनेस्को को प्रस्तुत की जाने वाली SOC रिपोर्ट में सभी आवश्यक तथ्यों एवं संरक्षण संबंधी कार्यों को समुचित रूप से शामिल किया जाए। साथ ही, स्पेशल एरिया हेरिटेज प्लान (SAHP) यूनेस्को की एक महत्वपूर्ण अनिवार्य आवश्यकता है, जिसे SOC रिपोर्ट के साथ प्रस्तुत किया जाना है। इसके लिए संबंधित अधिकारी समयबद्ध रूप से आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।
शासन सचिव ने विरासत स्थलों की स्वच्छता एवं सुंदरता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इन ऐतिहासिक स्थलों पर आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को बेहतर एवं सुखद अनुभव मिलना चाहिए। इसके लिए नियमित साफ-सफाई, सुव्यवस्थित प्रबंधन एवं आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने विरासत स्थलों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति का प्रभावी दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करने के लिए वीडियोग्राफी करवाने के निर्देश भी दिए। साथ ही, विरासत क्षेत्रों में किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा ऐतिहासिक स्वरूप एवं मूल विरासत संरचना को सुरक्षित रखने पर बल दिया।
बैठक में निदेशक, स्वायत्त शासन विभाग श्री प्रतीक जुईकर , आयुक्त, नगर निगम जयपुर श्री ओम कसेरा सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं तकनीकी विरासत समिति के सदस्य उपस्थित रहे।