Breaking News

Dr Arvinder Singh Udaipur, Dr Arvinder Singh Jaipur, Dr Arvinder Singh Rajasthan, Governor Rajasthan, Arth Diagnostics, Arth Skin and Fitness, Arth Group, World Record Holder, World Record, Cosmetic Dermatologist, Clinical Cosmetology, Gold Medalist

Rajasthan / पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 —जिला प्रमुखों के आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया संपन्न

पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 —जिला प्रमुखों के आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया संपन्न
Dinesh Bhatt August 13, 2026 08:16 PM IST
जयपुर, 13 अगस्त। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की तैयारियों के क्रम में गुरुवार को जयपुर स्थित इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान में जिला प्रमुखों के पदों के आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया संपन्न हुई। लॉटरी प्रक्रिया शासन सचिव एवं आयुक्त, पंचायती राज विभाग डॉ. जोगाराम की अध्यक्षता में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की गई।
 
राजस्थान की सभी 41 जिला परिषदों के लिए जिला प्रमुख पदों का श्रेणीवार आरक्षण लॉटरी के माध्यम से निर्धारित किया गया। निर्धारित आरक्षण एवं रोटेशन व्यवस्था के तहत ओबीसी वर्ग के लिए 5 पद आरक्षित किए गए, जिनमें ब्यावर एवं सीकर में महिला जिला प्रमुख का पद आरक्षित हुआ।
 
इसी प्रकार अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के लिए 8 पद आरक्षित किए गए, जिनमें दौसा, भरतपुर, टोंक एवं धौलपुर में महिला जिला प्रमुख का पद निर्धारित हुआ। अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के लिए 7 पद आरक्षित किए गए, जिनमें सलूम्बर, प्रतापगढ़ एवं अलवर में महिला जिला प्रमुख का पद आरक्षित हुआ।
 
सामान्य महिला के लिए चूरू, अजमेर, झुंझुनू, चित्तौड़गढ़, हनुमानगढ़, डीग, श्रीगंगानगर, झालावाड़, फलोदी, बीकानेर एवं कोटा जिला परिषदों के जिला प्रमुख पद निर्धारित किए गए।
 
वहीं बारां, बाड़मेर, भीलवाड़ा, जयपुर, जोधपुर, करौली, कोटपूतली-बहरोड़, राजसमंद, सिरोही एवं उदयपुर जिला परिषदों के जिला प्रमुख पद अनारक्षित रहे।
 
शासन सचिव डॉ. जोगाराम ने कहा कि लॉटरी प्रक्रिया में आरक्षण के निर्धारित प्रावधानों एवं रोटेशन व्यवस्था का पूर्णतः पालन करते हुए जिला प्रमुखों के पदों का श्रेणीवार निर्धारण किया गया है। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव में सामान्य, ओबीसी, एससी एवं एसटी सभी श्रेणियों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान लागू रहेगा।
 
उन्होंने बताया कि पूरी लॉटरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुरूप संपन्न कराई गई। प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई, ताकि इसका संपूर्ण रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।
 
लॉटरी प्रक्रिया में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, अधिकारीगण, पत्रकार एवं आमजन उपस्थित रहे। जिला प्रमुखों के आरक्षण की लॉटरी संपन्न होने के साथ ही पंचायती राज संस्थाओं के आगामी आम चुनाव की तैयारियों का एक महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया है। आरक्षण प्रक्रिया के पश्चात चुनाव संबंधी आगामी कार्रवाई राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार की जाएगी।
 
लॉटरी प्रक्रिया के दौरान श्री भारत भूषण गोयल, उप शासन सचिव तथा श्री रामचंद्र सैनी, सहायक आयुक्त, पंचायती राज विभाग सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
  • fb-share
  • twitter-share
  • whatsapp-share

Disclaimer : All the information on this website is published in good faith and for general information purpose only. www.newsagencyindia.com does not make any warranties about the completeness, reliability and accuracy of this information. Any action you take upon the information you find on this website www.newsagencyindia.com , is strictly at your own risk
#

RELATED NEWS