Breaking News

Dr Arvinder Singh Udaipur, Dr Arvinder Singh Jaipur, Dr Arvinder Singh Rajasthan, Governor Rajasthan, Arth Diagnostics, Arth Skin and Fitness, Arth Group, World Record Holder, World Record, Cosmetic Dermatologist, Clinical Cosmetology, Gold Medalist

Rajasthan / किसान और सीमा पर जवान देश के प्राण तंत्र, खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाना हमारा संकल्प - लोकसभा अध्यक्ष मार्केटिंग लिंक से किसानों को मिलेगा देश के बड़े बाजारों तक सीधा पहुंच मार्ग मदर डेयरी और सरस के माध्यम से दुग्ध, फल एवं सब्जियों की खरीद की होगी व्यवस्था

किसान और सीमा पर जवान देश के प्राण तंत्र, खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाना हमारा संकल्प - लोकसभा अध्यक्ष मार्केटिंग लिंक से किसानों को मिलेगा देश के बड़े बाजारों तक सीधा पहुंच मार्ग मदर डेयरी और सरस के माध्यम से दुग्ध, फल एवं सब्जियों की खरीद की होगी व्यवस्था
Dinesh Bhatt June 30, 2026 12:43 PM IST
जयपुर, 29 जून। लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला के मार्गदर्शन एवं निर्देशों की पालना में सोमवार को कोटा में प्राकृतिक खेती विषयक भव्य किसान कार्यशाला का आयोजन किया गया। सोमवार को आयोजित कार्यशाला में लगभग एक हजार किसानों ने भाग लेकर प्राकृतिक खेती, कम लागत में उच्च गुणवत्ता वाली खेती, बेहतर उत्पादन, कृषि विपणन, पशुपालन तथा उद्यानिकी के माध्यम से आय बढ़ाने की आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर प्राकृतिक खेती पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया गया तथा कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों का सम्मान भी किया गया।
 
प्राकृतिक खेती भारत की विरासत, समय की मांग—
 
कार्यशाला में श्री ओम बिरला ने  कहा कि खेत में किसान और सीमा पर जवान देश के प्राण  हैं।  वे हाड़ौती के किसानों के जीवन स्तर में सुधार लाने तथा खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं और इसे साकार करके रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती भारत की प्राचीन विरासत रही है तथा धरती की उर्वरा शक्ति, मानव स्वास्थ्य, जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग को कम करना आज समय की आवश्यकता है।
 
खेती को मिलेगा व्यवसाय का स्वरूप—
 
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि हाड़ौती की जलवायु, उपजाऊ भूमि एवं भरपूर जल उपलब्धता इसे प्राकृतिक खेती के लिए देश के चुनिंदा क्षेत्रों में शामिल करती है। उन्होंने कहा कि किसानों को केवल पारंपरिक खेती तक सीमित न रहकर बहुफसली खेती, उद्यानिकी, फल उत्पादन, मधुमक्खी पालन एवं पशुपालन को भी अपनाना चाहिए ताकि खेती लाभकारी व्यवसाय बन सके।
 
सिंचाई परियोजनाओं से खेतों तक पहुंचेगा पानी—
 
उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की किसान हितैषी सोच का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने गुजरात में सिंचाई का आदर्श मॉडल विकसित किया तथा देशभर में वर्षों से लंबित लगभग 99 सिंचाई परियोजनाओं को गति देकर किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने का कार्य किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि ईआरसीपी एवं परवन जैसी महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाएं भी शीघ्र पूर्ण होंगी, जिससे किसानों को स्थायी लाभ मिलेगा।
 
पशुपालन, डेयरी और कोल्ड स्टोरेज से बढ़ेगी किसानों की आय—
 
श्री बिरला ने कहा कि हाड़ौती में पशुपालन की असीम संभावनाएं हैं। पशुपालन प्राकृतिक खेती का भी मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक तहसील एवं पंचायत स्तर पर कोल्ड स्टोरेज विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा ताकि पशुओं के लिए हरा चारा सुरक्षित रखा जा सके।
 
उन्होंने कहा कि मदर डेयरी एवं सरस डेयरी के साथ समन्वय स्थापित कर पशुपालकों का दूध, फल एवं सब्जियां उचित मूल्य पर खरीदी जाना सुनिश्चित किया जाएगा जिससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर दाम मिल सके और उनकी आय में निरंतर वृद्धि हो।
 
देश के बड़े बाजारों से जुड़ेंगे किसान—
 
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि किसानों के लिए आधुनिक मार्केटिंग लिंक तैयार किए जा रहे हैं जिससे वे हाड़ौती में रहकर ही दिल्ली, मुंबई सहित देश के बड़े बाजारों के भाव जान सकेंगे तथा अपने उत्पाद उचित मूल्य पर बेच सकेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य मिले और किसी भी किसान को आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े।
 
फलोद्यान और बहुमुखी खेती पर दिया जोर—
 
उन्होंने कहा कि हाड़ौती की जलवायु आम, नींबू, जामुन, पपीता सहित अनेक फलदार पौधों के लिए अत्यंत उपयुक्त है। किसानों को फलोद्यान विकसित करने, उच्च गुणवत्ता वाले बीज अपनाने तथा फल, फसल, वृक्ष एवं पशुपालन आधारित बहुमुखी खेती की ओर बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित कर किसानों एवं मातृशक्ति को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
 
हर पात्र किसान तक पहुंचेगी योजनाओं का लाभ—
 
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि प्रत्येक पात्र किसान को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ मिले। इसके लिए किसान को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे बल्कि प्रशासन एवं संबंधित विभाग स्वयं किसानों तक पहुंचकर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराएंगे।
 
कृषि में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण —कल्पना देवी
 
लाडपुरा विधायक श्रीमती कल्पना देवी ने कहा कि यदि किसान इस कार्यशाला में प्राप्त जानकारी को व्यवहार में अपनाते हैं तो कृषि क्षेत्र में नई क्रांति का सूत्रपात होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं श्रमिकों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रहे हैं। उन्होंने कृषि क्षेत्र में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख करते हुए ड्रोन दीदी एवं लखपति दीदी जैसी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक किसान के खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
 
विशेषज्ञों ने दी जानकारी, किसानों ने साझा किए अनुभव—
 
कार्यशाला में विशेषज्ञों ने किसानों को प्राकृतिक खेती की तकनीकों, जीवामृत, घनजीवामृत, बीजामृत, प्राकृतिक कीट एवं रोग प्रबंधन सहित कम लागत में अधिक गुणवत्ता वाली उपज प्राप्त करने के उपायों की जानकारी दी तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस दौरान किसानों ने प्राकृतिक खेती से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए इसके लाभ बताए। राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत कोटा जिले में 35 क्लस्टरों के माध्यम से अब तक 4,375 किसान प्राकृतिक खेती से जुड़ चुके हैं तथा जिले का लगभग 4 प्रतिशत कृषि क्षेत्र प्राकृतिक एवं जैविक खेती के अंतर्गत है।
 
प्राकृतिक खेती से जुड़ी प्रदर्शनी का अवलोकन—
 
कार्यक्रम में  लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने कार्यशाला में लगी कृषि एवं प्राकृतिक उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन कर किसानों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में जिला प्रमुख श्री मुकेश मेघवाल, जिला कलक्टर डॉ. पीयूष समारिया, श्री प्रेम गोचर, श्री राकेश जैन, कृषि विभाग के अतिरिक्त निदेशक श्री अशोक शर्मा, संयुक्त निदेशक श्री सत्येन्द्र पाठक, श्री रविन्द्र जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, महिला किसान एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
  • fb-share
  • twitter-share
  • whatsapp-share

Disclaimer : All the information on this website is published in good faith and for general information purpose only. www.newsagencyindia.com does not make any warranties about the completeness, reliability and accuracy of this information. Any action you take upon the information you find on this website www.newsagencyindia.com , is strictly at your own risk
#

RELATED NEWS