जयपुर, 25 मई। डीडवाना-कुचामन जिले में जल संरक्षण दिशा में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की शुरुआत हो गई है। अभियान को लेकर पत्रकार वार्ता का आयोजन सोमवार को किया गया। किसान आयोग के अध्यक्ष श्री सी आर चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जल संरक्षण व पारंपरिक जल स्रोतों के रख रखाव के लिए यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल एक राजकीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-जन का अभियान होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा की मंशा के अनुरूप जल संरक्षण की थीम पर यह व्यापक अभियान शुरू किया गया है। 5 जून (विश्व पर्यावरण दिवस) तक अभियान का पहला चरण चलेगा, लेकिन जल संरक्षण को हमारी दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना और जन - जन को इस अभियान जोड़ना इसका प्रमुख उद्देश्य है।
किसान आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी अभियान को आमजन तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका सबसे अहम होती है। उन्होंने अपील की कि मीडिया इस अभियान के संदेश को जन-जन तक ले जाए ताकि लोग इससे जुड़ सकें।
इस दौरान जिला प्रभारी सचिव नकाते शिवप्रसाद ने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जल स्रोतों की उचित देखरेख, वर्षा पूर्व साफ- सफाई एवं पौधारोपण व जल संरक्षण की गतिविधियां जिला स्तर से ग्राम स्तर की जायेगी और राज्य सरकार की मंशानुसार अभियान में आमजन की भागीदारी से जिले में जल संरक्षण की दिशा में कार्य किये जायेगें।
किसान आयोग के अध्यक्ष ने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में ली अधिकारियों की बैठक—
प्रेस वार्ता के पश्चात किसान आयोग के अध्यक्ष श्री सी आर चौधरी ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर अभियान के तहत जिले में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों व गतिविधियों की समीक्षा की।
बैठक में उन्होंने विभागवार अधिकारियों से अभियान के कार्यक्रमों की जानकारी लेकर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।