जयपुर, 18 जुलाई। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने शनिवार को कोटा जिले के विधानसभा क्षेत्र रामगंजमंडी के अंतर्गत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बँधा एवं धर्मपुरा में समग्र शिक्षा योजनान्तर्गत नवनिर्मित सुविधाओं का लोकार्पण किया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बंधा में लगभग 49 लाख रुपये की लागत से विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय तथा कक्षा 11 एवं 12 के विद्यार्थियों के लिए दो अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का निर्माण कराया गया है। वहीं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धर्मपुरा में लगभग 38 लाख रुपये की लागत से विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय एवं कम्प्यूटर कक्ष का निर्माण कराया गया है। विद्यालयों में इन नवीन सुविधाओं से बेहतर शैक्षणिक वातावरण का लाभ बच्चों को मिलेगा।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री श्री मदन दिलावर ने कहा कि बच्चे देश के कर्णधार हैं और उनका भविष्य संवारना प्रत्येक शिक्षक की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को अपने बच्चों की तरह पढ़ाने, आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने तथा उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और लगन से उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त कर रहे हैं। इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाला छात्र भी ग्रामीण पृष्ठभूमि से है, जो यह सिद्ध करता है कि अभाव कभी भी सफलता में बाधा नहीं बनता।
उन्होंने कहा कि परिश्रम और पुरुषार्थ से आगे बढ़ने वाले विद्यार्थी ही समाज, राज्य और राष्ट्र का नाम रोशन करते हैं। उन्होंने शिक्षकों से शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों को भी नियमित रूप से बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ आज बेहतर करियर का भी महत्वपूर्ण माध्यम बन चुके हैं।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया। इस अवसर पर शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं तथा विद्यालय विकास में सहयोग देने वाले दानदाताओं का सम्मान भी किया गया।