जयपुर, 19 मई। कोटा संभागीय आयुक्त श्री अनिल कुमार अग्रवाल ने मंगलवार को न्यू मेडिकल कॉलेज, कोटा के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक एवं नवीन चिकित्सालय का निरीक्षण किया। संभागीय आयुक्त ने मेडिकल कॉलेज के प्रशासनिक भवन में रेजिडेंट चिकित्सकों से वार्ता कर उनका पक्ष सुना तथा उनकी सुरक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए आश्वस्त किया तथा अपराधियों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्राचार्य को संविदा सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
श्री अग्रवाल ने सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में भर्ती 6 प्रसूताओं के स्वास्थ्य संबंधी रेकार्ड एवं चल रहे इलाज के बारे में डॉक्टरों से जानकारी ली तथा प्रसूताओं के परिजनों से मुलाकात की।
संभागीय आयुक्त ने न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचकर संविदा गार्ड के रेकार्ड चेक किए। निर्धारित रेकार्ड के अनुसार सुबह की पारी में 45 तथा दोपहर 2 बजे से 25 सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था चिकित्सालय में होनी थी। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य , अधीक्षक एनएमसीएच एवं संविदा कंपनी सुपरवाइजर की उपस्थिति में सुरक्षा गार्डों का भौतिक सत्यापन किया गया जिसमें कई कमियां पाई गई।
निरीक्षण के दौरान प्रातः की पारी में 45 में से 28 तथा दोपहर 2 बजे से शुरू होने वाली पारी में 25 में से 10 सुरक्षा गार्ड ही उपस्थित पाए गए। कई सुरक्षा कर्मी अपनी निर्धारित वर्दी में नहीं थे और उनके पास बेल्ट, नेम प्लेट, टोपी, डण्डा एवं सीटी इत्यादी भी नहीं पाए गए। सुरक्षा कर्मियों की बायोमीट्रिक उपस्थिति की जानकारी चाहने पर सुपरवाईजर जानकारी उपलब्ध नहीं करवा पाए। इस संबंध में संभागीय आयुक्त ने अधीक्षक, एनएमसीएच को संविदा सुरक्षा कंपनी को नोटिस देने एवं पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए ।
व्हीलचेयर एवं स्ट्रेचर पर मरीजों को ले जाने हेतु संभागीय आयुक्त ने पर्याप्त स्टाफ की व्यवस्था के संबंध में मेडिकल कॉलेज प्राचार्य को निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को फंक्शनल करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्राचार्य न्यू मेडिकल कॉलेज डॉ. निलेश जैन एवं अधीक्षक एनएमसीएच डॉ. आशुतोष शर्मा, नर्सिंग अधीक्षक सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।