जयपुर, 8 अगस्त। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को बून्दी स्थित राजकीय पुस्तकालय में छात्र-छात्राओं के लिए चावल उद्योग संघ की ओर से उपलब्ध कराई गई विभिन्न सुविधाओं का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद किया और जिला पुस्तकालय को और अधिक आधुनिक एवं सुविधा संपन्न बनाने के लिए उनके सुझाव भी आमंत्रित किए। इस दौरान ऊर्जा राज्यमंत्री एवं बून्दी जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर भी उपस्थित रहे।
छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ने उन्हें महान व्यक्तित्वों की जीवनियां पढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता उन्हीं को मिलती है, जिन्होंने जीवन में चुनौतियों और कठिनाइयों का डटकर सामना किया है। बिरला ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे अभावों और कठिन परिस्थितियों से घबराए बिना आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि जिला पुस्तकालय का 1 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिकीकरण किया जाएगा। इसके तहत पुस्तकालय को पूरी तरह डिजिटल लाइब्रेरी के रूप में विकसित किया जाएगा। पाठकों के लिए सभी विषयों की ऑनलाइन अध्ययन सामग्री और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पुस्तकालय में संसद की लाइब्रेरी तथा विभिन्न ऑनलाइन कोचिंग प्लेटफॉर्म्स का एक्सेस भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में विशेष सुविधा मिलेगी। संवाद के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ने छात्र-छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें संसद भवन का भ्रमण कराने का भी आश्वासन दिया।
बिरला ने कहा कि बून्दी के खेल संकुल को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। अब युवाओं को तैराकी, एथलेटिक्स, निशानेबाजी, पारंपरिक खेलों और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों की सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हो रही हैं।
इस अवसर पर जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि जिला पुस्तकालय का पूर्ण डिजिटलीकरण किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक अध्ययन संसाधन उपलब्ध हो सकें और उनके बीच सकारात्मक एवं सशक्त शैक्षणिक वातावरण विकसित हो। कार्यक्रम में जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा, जनप्रतिनिधि, चावल उद्योग संघ के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक उपस्थित रहें।