जयपुर, 4 जुलाई। बालोतरा ज़िले के पचपदरा में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा रिफाइनरी उद्घाटन एवं विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम का लाइव प्रसारण अजमेर जिला मुख्यालय पर किया गया। जिला स्तर पर रोजगार मेले का भी आयोजन किया गया। इस दौरान मेले में आए नवनियुक्त कार्मिकों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं केंद्रीय मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी के संबोधन को सुना।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि राजस्थान तेज गति से प्रगति करने वाले राज्यों में से एक है। यहां रिफाइनरी के माध्यम से नए रोजगार अवसरों का सृजन होगा। सरकार द्वारा मध्य पूर्व में युद्ध की स्थिति के समय भी पेट्रोलियम पदार्थों की कमी नहीं आने दी गई।
मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान की धरती सोना उगलने वाली है। डबल इंजन की सरकार के कारण विकास की गति बढ़ी है। रिफाइनरी के माध्यम से राज्य में अप्रत्यक्ष एवं प्रत्यक्ष रूप से रोजगार में बढ़ोतरी होगी।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री श्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार से राजस्थान देश का अग्रणी राज्य बनने जा रहा है। सोने की धरती मरुधरा रिफाइनरी के बन जाने से वास्तव में सोना उगलने वाली धरती बन जाएगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा कोरोना काल से ही करोड़ों भारतीयों को निःशुल्क अनाज उपलब्ध कराने की योजना संचालित की जा रही है। भारत युवाओं का देश है। उनकी प्रतिभा सर्वाेत्तम है। इन्हीं युवाओं के दम पर भारत चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में अपनी पहचान बन चुका है। गत 12 वर्षों में किए गए कार्यों से भारत का विश्व में डंका बजा है।
विधायक श्रीमती अनिता भदेल ने कहा कि आज का दिन राजस्थान के इतिहास में स्वर्णिम दिवस है। रिफाइनरी से राजस्थान के विकास को नई दिशा मिलेगी। जयपुर में मेट्रो चरण द्वितीय भी आरंभ होगा। उन्होंने कहा कि यमुना जल समझौते से पेयजल तथा सिंचाई के लिए जल उपलब्ध होगा। कृषि क्षेत्र में उत्पादन बढ़ने से राजस्थान की जीडीपी में बढ़ोतरी होगी। युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
संभागीय आयुक्त श्री शक्ति सिंह राठौड़ ने कहा कि बालोतरा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण संभाग के समस्त जिला मुख्यालयों पर किया गया। इनमें अजमेर, भीलवाड़ा, नागौर, टोंक, ब्यावर एवं डीडवाना-कुचामन जिला मुख्यालयों पर रोजगार मेला आयोजन हुआ। इसके साथ-साथ समस्त नगरीय निकायों, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर वर्चुअल माध्यम से प्रसारण किया गया। इसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने बताया कि रोजगार उत्सव का राज्य स्तरीय मुख्य समारोह बालोतरा जिले में आयोजित हुआ। इसकी निरन्तरता में रोजगार उत्सव का जिला स्तरीय कार्यक्रम जवाहर रंगमंच पर आयोजित हुआ। इसमें विभिन्न विभागों के नव चयनित 982 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर संभागीय आयुक्त श्री शक्ति सिंह राठौड़, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री राम प्रकाश सहित अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।